कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) EPFO 3.0 को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसे एक बड़ा डिजिटल अपग्रेड माना जा रहा है. इसके तहत सदस्य UPI और ATM के माध्यम से पीएफ का अमाउंट निकाल सकेंगे. उम्मीद है कि जून के अंत तक यानी कुछ ही दिनों में इसे शुरू कर दिया जाएगा.
EPFO 3.0 के तहत कई सारे सवाल घूम रहे हैं जैसे- यूपीआई या एटीएम के जरिए कितना पैसा निकाल सकते हैं, एटीएम से निकालने के लिए किसी कार्ड की जरूरत होगी? आइए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब...
EPFO ने अभी तक UPI और ATM ट्रांजेक्शन के लिए अलग से विड्रॉल लिमिट का अधिकारिक ऐलान नहीं किया है. हालांकि, इस बात का कोई संकेत नहीं है कि ईपीएफओ 3.0 के तहत मौजूदा ईपीएफ विड्रॉल नियमों में कोई बदलाव होगा. ऐसे में यूजर्स विड्रॉल लिमिट के तहत मौजूदा नियम का ही पालन करेंगे.
कितना अमाउंट निकाल सकते हैं?
मौजूदा नियमों के अनुसार, पात्र कस्टमर्स UPI या ATM के माध्यम से अपने पीएफ बैलेंस का 75% तक निकाल सकते हैं, यह निकासी के उद्देश्य और पात्रता शर्तों पर निर्भर करता है. कई मीडिया रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि नई सुविधा के तहत उपलब्ध EPF बैलेंस का 75% तक सीधे ग्राहक के लिंक किए गए बैंक खाते में तुरंत ट्रांसफर किया जा सकेगा.
UPI और ATM से कैसे निकलेगा पैसा?
नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के सहयोग से नए विड्रॉल की व्यवस्था अपडेट हो रही है. सरकार के अनुसार, इस सुविधा की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है. कुछ ही दिन में इसे लागू किए जाने की उम्मीद है. श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने भी संकेत दिया है कि जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक ऐलान किया जाएगा.
यूपीआई ऐप से विड्रॉल करने से पहले आधार बेस्ड OTP वेरीफाई करना होगा, जिसके बाद खुद से ही अथेंटिफाई करना होगा. उम्मीद है कि इस प्रॉसेस के बाद पैसा तुरंत आपके बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा. ऐसे में आपका सेटलमेंट फटाफट हो जाएगा, जो पहले कई दिनों का इंतजार करना पड़ता था.
एटीएम कार्ड भी जारी होगा
ईपीएफओ द्वारा PF से जुड़े ATM कार्ड भी शुरू किए जाने की उम्मीद है, जिससे ग्राहक नियमित डेबिट कार्ड की तरह ही ATM से सीधे पात्र राशि निकाल सकेंगे. खबरों के अनुसार, सदस्यों को अपने EPF बैलेंस का कम से कम 25% बनाए रखना आवश्यक हो सकता है, ताकि उनकी रिटायरमेंट सेविंग पूरी तरह से खत्म ना हो जाए.
कौन होगा पात्र?
नए बदलाव के तहत विड्रॉल सुविधाओं का उपयोग करने के लिए आधार लिंक एक एक्टिव UAN, अपडेटेड पैन डिटेल, सही IFSC कोड वाला एक वेरिफाई बैंक अकाउंट और OTP बेस्ड अथेंटिफिकेशन के लिए एक रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी.