scorecardresearch
 

दिवाली से पहले किसानों को तोहफा, इस दिन जारी होगी PM सम्मान निधि की 24वीं किस्त

30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा के भीलडी में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करेंगे, जिससे देश के 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिलेगी.

Advertisement
X
30 अक्टूबर को PM किसान उत्सव दिवस, किसानों के खातों में आएगी सम्मान निधि की 24वीं किस्त.. (Photo: ITG)
30 अक्टूबर को PM किसान उत्सव दिवस, किसानों के खातों में आएगी सम्मान निधि की 24वीं किस्त.. (Photo: ITG)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा के भीलडी में राष्ट्रीय स्तर के 'पीएम किसान उत्सव दिवस' कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की जाएगी. इस किस्त के तहत देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता मिलेगी.

गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को इस किस्त के तहत 1,051 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता मिलेगी. इस कार्यक्रम का देशभर में सीधा प्रसारण किया जाएगा. गुजरात में भी 34 जिला स्तरीय और 2,100 से ज्यादा क्लस्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

भीलडी में होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान कृषि और पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. प्रधानमंत्री 328.77 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 'भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर' का लोकार्पण करेंगे.इसके अलावा बनास डेयरी के थराद और राधनपुर में दो नए संपीड़ित बायोगैस संयंत्रों का भूमिपूजन होगा. बनास डेयरी के नए पोटैटो एक्सपेंशन और यूएचटी-एएसआरएस का भी ई-लोकार्पण किया जाएगा.

गुजरात में किसानों के लिए होंगे कार्यक्रम

गुजरात में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विभिन्न मंत्री, सांसद, विधायक, पदाधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे. इन कार्यक्रमों के दौरान किसानों को कृषि और बागवानी विभाग की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे. सरकार के मुताबिक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की पहली से 23वीं किस्त के जरिए देश के 11 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को 4.47 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है. वहीं, गुजरात के 69.26 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है.

Advertisement

31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे. 30 अक्टूबर की शाम वह एकता नगर में 'भारत पर्व' पवेलियन का दौरा करेंगे और इसके बाद कल्चरल ग्राउंड में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा की ओर से प्रस्तुत नाटक 'आनंदमठ' देखेंगे. 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद एकता नगर में विभिन्न जनकल्याणकारी विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

प्रधानमंत्री 'आरंभ 2026' कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. दोपहर में वह टेंट सिटी में देश के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे. शाम को परेड ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और परेड का निरीक्षण कर सलामी लेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement