केंद्र सरकार अटल पेंशन योजना में शामिल लोगों को एक बड़ा तोहफा दे सकती है. मोदी सरकार इस योजना के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन की सीमा बढ़ाकर 10 हजार करने पर विचार कर रही है. मौजूदा समय में यह 5 हजार रुपये है.
(PFRDA) के एक कार्यक्रम में डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेस (डीएफएस) में ज्वाइंट सेक्रेटरी मदनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि इस योजना के तहत पेंशन की वैल्यू बढ़ाने की जरूरत है.
उन्होंने बताया, '' प्रति महीना 10 हजार रुपये पेंशन करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है. फिलहाल सरकार इस पर गौर कर रही है. इसकी पुष्टि करते हुए हेमंतजी कॉन्ट्रैक्टर ने भी कहा कि सब्सक्राइबर्स बेस बढ़ाने के लिए ऐसा प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है.
कॉन्ट्रैक्टर ने कहा कि फिलहाल अटल पेंशन योजना के तहत पेंशन के 5 स्लैब हैं. ये स्लैब 1 हजार से 5 हजार रुपये के बीच हैं. उन्होंने बताया कि पेंशन रेग्युलेटर को आम लोगों से सुझाव मिले. इन सुझावों में पेंशन को बढ़ाए जाने की सिफारिश की गई थी.
पेंशन बढ़ाने के प्रस्ताव के अलावा और प्रस्ताव सरकार को भेजे हैं. इसमें इस योजना के तहत ऑटो एनरोलमेंट और स्कीम में शामिल होने के लिए अधिकतम उम्र सीमा 50 साल करना भी शामिल है.
कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि फिलहाल अटल पेंशन योजना में शामिल होने के लिए 18 से 40 साल तक की उम्र तय है. लेकिन अब हमने इसे 50 साल तक करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है. इस योजना से 1.02 करोड़ लोग जुड़े हैं.