scorecardresearch
 

शिमला के पास 7,000 फीट की ऊंचाई पर बन रहा है लग्जरी विला, जानें कितनी है कीमत

लोढ़ा ने ‘द रिज’ को ऐसी पहाड़ी रिहाइश के रूप में पेश किया, जहां बेहतर सुविधाओं के साथ प्रकृति से जुड़ाव भी बना रहे, यहां परिवार एक साथ समय बिता सकेंगे और आने वाली पीढ़ियों के लिए यादें और विरासत बना सकेंगे.

Advertisement
X
मशोबरा में 9.5 करोड़ से शुरू होंगे लग्जरी विला (Photo-ITG)
मशोबरा में 9.5 करोड़ से शुरू होंगे लग्जरी विला (Photo-ITG)

हिमाचल प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशन शिमला के पास अब अल्ट्रा-लग्जरी विला में घर खरीदने का विकल्प मिलने जा रहा है. हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (HoABL) ने मशोबरा में ‘द रिज’ नाम से एक प्रीमियम विला प्रोजेक्ट लॉन्च किया है. यहां तीन और चार बेडरूम वाले विला की शुरुआती कीमत 9.5 करोड़ रुपये रखी गई है. करीब 11.5 एकड़ में फैला यह प्रोजेक्ट उन अमीर खरीदारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो पहाड़ों के बीच अपना निजी घर चाहते हैं.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘द रिज’ शिमला से करीब 10 किलोमीटर दूर मशोबरा में स्थित है. यह प्रोजेक्ट समुद्र तल से लगभग 7,000 फीट की ऊंचाई पर बनाया जा रहा है. डेवलपर का दावा है कि यहां से घरशी घाटी का नजारा दिखाई देता है और आसपास 950 हेक्टेयर में फैले देवदार के जंगल हैं.

इस प्रोजेक्ट में सीमित संख्या में 3 बीएचके और 4 बीएचके विला उपलब्ध होंगे, कंपनी इसे केवल छुट्टियां बिताने के लिए बनाए गए घर के बजाय ऐसी जगह के रूप में पेश कर रही है, जहां परिवार लंबे समय तक रह सकें, इसमें प्राकृतिक माहौल, सेहत, सुकून और बेहतर जीवनशैली पर खास जोर दिया गया है.

क्लब हाउस में मिलेगी लग्जरी सुविधाएं

‘द रिज’ में 25,000 वर्ग फीट से बड़ा क्लब हाउस बनाया जाएगा, जिसमें गर्म पानी वाला इनडोर स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं होंगी, इसके अलावा, यहां आग के पास बैठने के लिए खास लाउंज, पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देखने के लिए व्यूइंग डेक, इनडोर स्पोर्ट्स सुविधाएं और वेलनेस व आराम के लिए विशेष जगहें भी बनाई जाएंगी.

Advertisement

इसके अलावा, प्रोजेक्ट में फलों के बगीचे, पैदल चलने के रास्ते और योग और ध्यान के लिए खुली जगहें भी होंगी. इन सुविधाओं का मकसद यहां रहने वालों को प्रकृति के करीब रहते हुए आरामदायक जीवनशैली देना है.

क्रायोथेरेपी से लेकर हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी तक

कंपनी ने वेलनेस सुविधाओं के लिए एवावो वेलनेस के साथ साझेदारी की है. इसके तहत क्रायोथेरेपी, रेड लाइट थेरेपी और हाइपरबेरिक ऑक्सीजन ट्रीटमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ये उपचार रिकवरी और वेलनेस से जुड़े अनुभवों पर केंद्रित हैं.

वहीं, विला मैनेजमेंट, निजी डाइनिंग और हिमालयी क्षेत्र में खास अनुभवों की व्यवस्था जैसी हॉस्पिटैलिटी सेवाओं का प्रबंधन एवरली होटल्स एंड रिसॉर्ट्स करेगा. हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इन वेलनेस सुविधाओं का खर्च विला की कीमत में शामिल होगा या इसके लिए अलग से भुगतान करना पड़ेगा, इसके अलावा, हर महीने या साल लगने वाले मेंटेनेंस, हॉस्पिटैलिटी और विला मैनेजमेंट शुल्क की जानकारी भी साझा नहीं की गई है.

हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट का मकसद ऐसे लोगों को बेहतर जीवनशैली देना है, जिन्होंने वर्षों तक कारोबार खड़ा करने और संपत्ति बनाने में समय लगाया है. उनका कहना है कि कंपनी अपने प्रोजेक्ट्स के जरिए ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर ध्यान देती है, उनके मुताबिक, जब लोग अपनी संपत्ति और कारोबार बनाने में काफी समय लगा चुके होते हैं, तो उनकी प्राथमिकता यह भी हो जाती है कि वे अपना जीवन किस तरह बिताना चाहते हैं.

हिमालयी इलाके को ध्यान में रखकर निर्माण की योजना

Advertisement

पहाड़ी इलाके में निर्माण की चुनौतियों को देखते हुए प्रोजेक्ट की योजना तैयार करने में आईआईटी रुड़की की भूमिका बताई गई है. डेवलपर के मुताबिक, निर्माण में माइक्रोपाइल फाउंडेशन और आधुनिक कंप्यूटेशनल मॉडलिंग का इस्तेमाल किया जाएगा.

मशोबरा की प्राकृतिक सुंदरता, देवदार के जंगल और शिमला से नजदीकी इस प्रोजेक्ट की प्रमुख खासियतें हैं. यहां रहने वालों को शिमला की सुविधाओं तक पहुंच मिलेगी, जबकि वे शहर के ज्यादा व्यस्त इलाकों से दूर रह सकेंगे. कंपनी डिजिटल माध्यम से बिक्री करती है और उसके अनुसार, उसके ग्राहकों की संख्या 8,500 से अधिक है. इनमें 65 फीसदी से ज्यादा वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी हैं. 

यह भी पढ़ें: यूपी में 1,226 करोड़ के 15 रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स को मंजूरी, इस शहर में बनेगा सबसे ज्यादा फ्लैट

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement