scorecardresearch
 

लग्जरी अपार्टमेंट्स, आलीशान महल के मालिक मेसी, दुनिया भर में रियल एस्टेट साम्राज्य

फुटबॉल के मैदान पर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले महानतम खिलाड़ी लियोनेल मेसी असल जिंदगी में किसी राजा जैसी लग्जरी लाइफ जीते हैं. अरबों की नेटवर्थ के मालिक मेसी ने दुनिया के सबसे आलीशान कोनों में लग्जरी अपार्टमेंट्स और आलीशान महलों का एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया है.

Advertisement
X
आलीशान महलों जैसे घरों के मालिक हैं लियोनेल मेसी (Photo-ITG)
आलीशान महलों जैसे घरों के मालिक हैं लियोनेल मेसी (Photo-ITG)

दुनिया के सबसे अमीर एथलीटों में शुमार लियोनेल मेसी चाहें तो दुनिया के किसी भी कोने में प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं, लेकिन मैदान से दूर यह महानतम फुटबॉलर अपनी फुर्सत के पल कहां बिताते हैं, यह देखना बेहद दिलचस्प है. मेसी अब एक और ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने की कगार पर हैं. साल 2026 के वर्ल्ड कप में मैदान पर उतरते ही वे छह अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड कप टूर्नामेंट खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉल स्टार बन जाएंगे.
 
फीफा की दुनिया में इस साख के साथ बेहिसाब मुनाफा भी आता है, अपने करियर के दो दशक एफसी बार्सिलोना को देने के बाद इंटर मियामी के कप्तान बने मेसी ने सिर्फ पिछले साल ही करीब $140 मिलियन (1,160 करोड़ रुपये) कमाए हैं. फोर्ब्स के अनुसार, मेसी अब $1.1 बिलियन (करीब 9,100 करोड़ रुपये) की कुल संपत्ति के साथ आधिकारिक तौर पर 'बिलियनेयर' बन चुके हैं.

मेसी ने अपनी इस बेहिसाब कमाई का इस्तेमाल बेहद शानदार तरीके से किया है. महंगी कारों के कलेक्शन के अलावा वे $10,000 (करीब 8.3  लाख रुपये) प्रति रात वाले विला में छुट्टियां मनाते हैं. दिसंबर 2024 में, उन्होंने स्पेन में अपनी कमर्शियल प्रॉपर्टीज और होटलों के पोर्टफोलियो को वहां के स्टॉक एक्सचेंज पर एक 'इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट' के रूप में लिस्ट कराया, जिसकी कीमत $232 मिलियन आंकी गई है. दिलचस्प बात यह है कि इस भारी-भरकम आंकड़े में दुनिया भर में मौजूद उनके निजी बंगले और रहने के घर शामिल नहीं हैं.

बार्सिलोना का प्राइमरी होम कैस्टेलडेफेल्स मैंशन

एक दशक से भी अधिक समय तक बार्सिलोना के पास स्थित यह घर मेसी का प्राथमिक निवास था, जिसे उन्होंने 2009 में $2 मिलियन में खरीदा था. एक बेहद पॉश तटीय शहर में स्थित इस एस्टेट की वर्तमान कीमत $7 मिलियन (लगभग 58 करोड़ रुपये) है. मेसी और उनकी पत्नी एंटोनेला ने इस प्रॉपर्टी को संवारने में लाखों डॉलर निवेश किए, जिसमें पड़ोसियों के शोर से बचने के लिए उनका पूरा घर और पास का एक प्लॉट खरीदना भी शामिल था.
 
इस विशाल प्राइवेट कंपाउंड में अत्याधुनिक जिम, स्पा, थिएटर, स्विमिंग पूल, बारबेक्यू टेरेस और एक पर्सनल-साइज फुटबॉल ग्राउंड भी है. अंदर से यह मॉडर्न घर बेहद खूबसूरत न्यूट्रल कलर्स से सजाया गया है, जिसकी बड़ी खिड़कियों से भूमध्य सागर और कैटलन की पहाड़ियों का नजारा दिखता है। यह आलीशान मैंशन एफसी बार्सिलोना के घरेलू स्टेडियम 'कैम्प नोउ' से महज 12 मील की दूरी पर है.

Advertisement

मियामी का पोर्श डिज़ाइन टॉवर कॉन्डो

साल 2019 में मेसी ने मियामी के सनी आइल्स बीच पर समंदर के सामने $5 मिलियन (लगभग 41.5 करोड़ रुपये) में एक आलीशान आशियाना खरीदकर अमेरिका में कदम रखा. 3,555 वर्ग फुट का यह 3 BHK फ्लैट 60 मंजिला 'पोर्श डिज़ाइन टॉवर' में स्थित है. इस बिल्डिंग की सबसे बड़ी खूबी इसकी शीशे वाली कार लिफ्ट है, जिससे निवासी बिना फ्लैट से बाहर निकले सीधे अपनी गाड़ियों तक पहुंच सकते हैं, जो हाई-प्रोफाइल हस्तियों की प्राइवेसी के लिए बेहतरीन है. फ्लैट में समंदर का शानदार नजारा, प्राइवेट बालकनी पूल, फुल-सर्विस स्पा, रेस्तरां-बार और कार रेसिंग सिम्युलेटर जैसी सुविधाएं हैं. मेसी आज भी इसके मालिक हैं और साल 2025 में उन्होंने इसे $27,000 (लगभग 22.4 लाख रुपये) प्रति महीने के किराए पर दिया था, जबकि इसकी वर्तमान मार्केट वैल्यू $13 मिलियन आंकी जा रही है.

अमेरिका और यूरोप में फैला ग्लोबल प्रॉपर्टी नेटवर्क

मेसी का प्रॉपर्टी नेटवर्क सिर्फ बार्सिलोना और मियामी के इस टावर तक सीमित नहीं है, उन्होंने सनी आइल्स बीच पर ही स्थित एक और 55 मंजिला इमारत 'ट्रम्प रॉयल' की 40वीं और 43वीं मंजिल पर $1.8 मिलियन में दो अन्य फ्लैट्स खरीदे हैं. इसके अलावा स्पेन के इबीसा द्वीप पर उनका $11.18 मिलियन का एक आलीशान विला है, जो अपने निर्माण विवादों और क्लाइमेट एक्टिविस्ट्स द्वारा की गई तोड़फोड़ के कारण खबरों में रहा.  

Advertisement

जब मेसी 2021 से 2023 तक पीएसजी (PSG) क्लब के लिए खेल रहे थे, तब उन्होंने स्टेडियम के पास न्यूइली-सुर-सीन में $21,000 प्रति महीने पर एक घर किराए पर लिया था. साल 2023 में मेसी ने फोर्ट लॉडरडेल में $10.75 मिलियन का एक वाटरफ्रंट मैंशन खरीदा, जिसमें 10 बेडरूम, एक स्पा, जिम और दो बोट डॉक्स हैं. रियल एस्टेट में उनकी ताजा एंट्री अप्रैल 2025 में हुई, जब उन्होंने मियामी के आगामी 80 मंजिला आलीशान ग्लास टावर 'सिप्रियानी रेजिडेंस' में एक साथ चार नए लग्जरी कॉन्डोज़ बुक किए, जिनमें से सिर्फ एक अपार्टमेंट की कीमत ही $7.5 मिलियन है.

अपने गृह देश अर्जेंटीना के रोजारियो शहर में उन्होंने तीन प्लॉट मिलाकर 'द फोर्ट्रेस' नाम का एक विशाल एस्टेट बनाया है, जिसमें उनकी लग्जरी कारों के लिए 15 गाड़ियों का अंडरग्राउंड गैराज मौजूद है. लियोनेल मेसी का मियामी शहर में होना वहां की इकोनॉमी के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेसी मियामी क्षेत्र के लिए 'वन-मैन इकोनॉमिक स्टिमुलस इंजन' की तरह काम कर रहे हैं, जिन्होंने न सिर्फ शहर की अंतरराष्ट्रीय प्रोफाइल को बढ़ाया है, बल्कि रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और रिटेल जैसे सेक्टर्स को भी जबरदस्त रफ्तार दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement