अपने घर का सपना सभी का होता है, लेकिन आज के समय में ये सबसे महंगे सौदों में शामिल हो गया है. इसके बावजूद रियल एस्टेट सेक्टर में खासतौर पर दिल्ली-NCR में बड़ा बूम देखने को मिल रहा है और खरीदार जमकर लग्जरी और सुपर लग्जरी फ्लैट-अपार्टमेंट खरीद रहे हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में है.
इसका ताजा उदाहरण है गुरुग्राम में मुंबई बेस्ड ओबेरॉय रियल्टी लिमिडेट (Oberoi Realty Ltd) के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में की गई खरीदारी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की दिल्ली-एनसीआर में पहली रेजिडेंशियल परियोजना को ग्राहकों को जबर्दस्त रिस्पांस मिला है और 29 जून को लॉन्च के बाद हफ्तेभर में ही 8,109 करोड़ रुपये की बंपर बुकिंग दर्ज की है. ये दर्शाती है कि लग्जरी घरों की डिमांड (Luxury Homes Demand) में तेज इजाफा हो रहा है.
गुरुग्राम में खरीदारों का जोरदार रिस्पांस
कंपनी की ओर से एक रेग्युलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी शेयर की गई है. इसमें कहा गया है कि ओबेरॉय रियल्टी ने एनसीआर में अपनी पहली सुपर लग्जरी आवासीय परियोजना थ्री सिक्सटी नॉर्थ में ये जोरदार बुकिंग दर्ज की है. ये प्रोजेक्ट गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड माइक्रो-मार्केट में स्थित है.
इस रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के पहले चरण में 14.8 एकड़ के एरिया पर छह टावर में 832 अपार्टमेंट शामिल हैं. इनकी कीमत की अगर बात करें, तो ये 18 करोड़ रुपये से शुरू होती है. 35,000 रुपये प्रति स्क्वॉयर फुट के बेस सेलिंग प्राइस के साथ यह प्रीमियम आवासीय प्रोजेक्ट्स में शामिल है.
झटके में बिक गए सभी यूनिट
29 जून को लॉन्चिंग के मौके पर कंपनी चेयरमैन और एमडी विकास ओबेरॉय ने मुंबई से बाहर अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर कहा था, 'हम दिल्ली-एनसीआर में अपनी पहली परियोजना शुरू कर रहे हैं और पूरा भरोसा है कि यहां हमारा ब्रांड सफल हो सकता है.'
इस प्रोजेक्ट को खरीदारों को रिस्पांस भी उम्मीद के मुताबिक, ही इसके सभी यूनिट बिक चुके हैं. कंपनी ने दोनों चरणों पर करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान लगाया है औऱ कंपनी चेयरमैन का कहना है कि अगले वित्तीय वर्ष में गुरुग्राम में इस थ्री सिक्सटी नॉर्थ प्रोजेक्ट (Three Sixty North Project) के दूसरे चरण की स्टार्टिंग की योजना है.
एंट्री के साथ ही किया धमाका
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ओबेरॉय रियल्टी लिमिटेड ने कहा कि लॉन्च के बाद इतने कम समय में गुरुग्राम में अपने प्रोजेक्ट में 8,109 करोड़ रुपये के लग्जरी घर बिके हैं. कंपनी की मानें, तो 6,000 करोड़ रुपये के कुल निवेश के साथ इस प्रोजेक्ट में 16,000 करोड़ रुपये के रेवेन्यू जेनरेशन की क्षमता है.
(नोट- रियल एस्टेट में किसी भी तरह के निवेश से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें. )