अगर आप शेयर बाजार में निवेश नहीं करते हैं तो भी किसी ना किसी ने ये सलाह जरूर दी होगी कि SIP कर लीजिए, 3 साल, 5 साल और 10 साल बाद इतना पैसा होगा? हालांकि, सच ये है कि जो फंड जितना ज्यादा रिटर्न दिखाता है, असलियत में उतना रिटर्न शायद ही मिल पाता है.
खासकर, तब जब मार्केट में गिरावट रहे. पिछले दो साल के दौरान मार्केट ने कुछ खास रिटर्न नहीं दिया है, जिस कारण म्यूचुअल फंड में पैसा लगाने वाले निवेशकों की इनकम भी उतनी ज्यादा नहीं बढ़ी है, जितनी की वे उम्मीद करते थे.
यहां हम आज आपको अलग-अलग रिटर्न के आधार पर बताएंगे कि आपकी 5 हजार रुपये की एसआईपी आपको 5 साल के बाद कितनी रकम दे सकती है?
लार्ज कैप में 5,000 रुपये की SIP
लार्ज कैप फंड में 10 से 12 फीसदी तक रिटर्न का अनुमान लगाया जाता है. हालांकि, कभी-कभी ये रिटर्न ज्यादा भी हो सकता है, लेकिन एवरेज 5 साल का रिटर्न 10-12 फीसदी ही माना जाता है. ऐसे में 10 फीसदी के आधार पर 5 हजार रुपये की एसआईपी पांच साल बाद ₹3,85,859 होगी और 12 फीसदी रिटर्न के आधार पर ये रकम ₹4,05,518 होगी.
मिडकैप में कितनी मिलेगी रकम?
इस तरह के फंड में अक्सर 12 से 15 फीसदी रिटर्न का अनुमान लगाया जाता है. ऐसे में अगर कोई फंड पांच साल में औसतन 15 फीसदी का रिटर्न देता है तो पांच साल बाद ये कुल रकम ₹4,36,710 होगी, जिसमें ब्याज से कमाई ₹1,36,710 होगी.
स्मॉलकैप में कितना बनेगा पैसा?
वहीं स्मॉकैप फंड में निवेशकों को अनुमानित रिटर्न 20 से 25 फीसदी तक मिल सकता है. ऐसे में अगर कोई स्मॉलकैप फंड निवेशकों को 20 फीसदी का रिटर्न देता है तो 5 साल के लिए 5 हजार रुपये की SIP पर उसे ₹4,93,520 मिलेंगे. वहीं 25 फीसदी रिटर्न पर कुल रकम ₹5,56,833 होगी.
किस फंड में करें एसआईपी?
तीनों तरह के फंड के अपने फायदे और नुकसान हैं. अगर आप लार्जकैप फंड चुनते हैं तो इसमें शेयर बाजार का रिस्क कम होता है और अगर आपका फंड गिरता भी है तो जल्द रिकवरी के चांस होते हैं. वहीं मिडकैप में इससे थोड़ा ज्यादा रिस्क होता है, लेकिन सबसे ज्यादा रिस्क स्मॉलकैप फंड में होता है. जहां कुछ फंड दो-दो साल तक बहुत कम रिटर्न या माइनस रिटर्न वाले भी होते हैं.
इसी कारण अक्सर एक्सपटर्स अपने पोर्टफोलियों को डायर्वसिफाइड करने की सलाह देते है और निवेशकों को लॉन्गटर्म निवेश की सलाह देते हैं.
(नोट- किसी भी शेयर या फंड में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)