scorecardresearch
 

Bihar: प्यार, शक और हत्या... पति के अवैध संबंध के विरोध में पत्नी की हत्या

बिहार के वैशाली जिले के रतनपुरा गांव में शादी की पहली सालगिरह से चार दिन पहले पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति शुभम राज ने कथित अवैध संबंध के विरोध पर गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया और एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए हैं.

Advertisement
X
अवैध रिश्ते का खौफनाक अंत!(Photo: Representational)
अवैध रिश्ते का खौफनाक अंत!(Photo: Representational)

बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की पहली सालगिरह से ठीक चार दिन पहले एक पति पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम का माहौल है.

दरअसल, यह मामला वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव का है. मृतका की पहचान लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. आरोप है कि उसके पति शुभम राज ने कथित अवैध संबंध के विरोध को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया.

यह भी पढ़ें: ऑनलाइन गेमिंग के पैसे को लेकर वैशाली में सरेबाजार फायरिंग, दो दिन में दूसरी वारदात से दहशत

मृतका के भाई दीपक कुमार के अनुसार, उनकी बहन की शादी पिछले साल 8 मई को हुई थी. आरोप है कि शुभम राज का पड़ोस की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिस वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था.

पंचायत से भी नहीं सुलझा विवाद

परिजनों ने बताया कि कई बार पंचायत के जरिए समझौता कराने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. लक्ष्मी अपने पति के कथित संबंध का विरोध करती थी, जिससे घर में लगातार तनाव बना रहता था.

Advertisement

परिवार का आरोप है कि यही विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और आखिरकार उसकी जान पर भारी पड़ गया. शादी की पहली सालगिरह से कुछ दिन पहले ही यह दुखद घटना सामने आ गई. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस वारदात से स्तब्ध हैं और पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं.

पुलिस जांच में जुटी

मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि पुलिस को रतनपुरा गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई.

पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेजा गया है. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपों के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. यह घटना एक बार फिर घरेलू विवाद और अवैध संबंधों से जुड़ी हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- विकास कुमार
Live TV

Advertisement
Advertisement