scorecardresearch
 

'स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो...', टोकने पर भड़के युवक, घर में घुसकर मारी गोली

बिहार के सुपौल जिले में नशा करने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया. विरोध के बाद विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने युवक के घर पहुंचकर उस पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज जारी है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.

Advertisement
X
युवक को घर में घुसकर मारी गोली (Photo: itg)
युवक को घर में घुसकर मारी गोली (Photo: itg)

बिहार में सुपौल जिले के किसनपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्मैक पीने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया और उसपर गोली चला दी गई. घायल युवक के परिजनों ने बताया कि विद्यालय के समीप नशा कर रहे युवकों को रोकने पर बदमाशों ने उसके घर पहुंचकर गोली मार दी. गोली युवक के बाएं बांह में लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

स्कूल के बाहर स्मैक पी रहे थे युवक

घटना किसनपुर थाना क्षेत्र के थरविटिया पूर्व पुनर्वास गांव की बताई जा रही है. घायल युवक की पहचान वकील दिनेश प्रसाद यादव के 25 साल के बेटे बलवंत कुमार के रूप में हुई है. परिजन ने बताया कि शिवपुरी पुनर्वास स्थित एक विद्यालय के समीप चार-पांच युवक कथित रूप से स्मैक का सेवन कर रहे थे. इसी दौरान वहां पहुंचे बलवंत कुमार ने युवकों को नशा करने से मना किया.

घर पहुंचकर चला दी गोली

नशा करने से रोकने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर लौट गए. लेकिन कुछ देर बाद मामला खूनी संघर्ष में बदल गया. बताया जा रहा है कि बलवंत कुमार अपने घर पहुंचकर स्नान कर रहा था, तभी दो बाइक पर सवार पांच युवक उसके दरवाजे पर पहुंचे और फिर से विवाद करने लगे. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने बलवंत पर गोली चला दी. गोली उसके बाएं बांह में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

Advertisement

पीड़ित युवक की हालत गंभीर

गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल युवक को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार गोली अभी भी युवक के बांह में फंसी हुई है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही किसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

'स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो'

वहीं सदर अस्पताल के डॉ राजेश कुमार ने बताया युवक को गोली लगने की स्थिति में अस्पताल लाया गया था. प्राथमिक उपचार किया गया है. गोली बांह में फंसी हुई है, इसलिए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. घायल युवक की मां ने बताया- मेरे बेटे ने सिर्फ नशा करने से मना किया था, उसने कहा था- स्कूल के बाहर स्मैक मत पियो. उसी बात पर घर आकर गोली मार दिया. उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा की मांग की है . किसनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक को गोली लगी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement