scorecardresearch
 

3 लाख के लेनदेन, कार में बंद युवक और जिंदा जलाने की कोशिश... धू-धू कर जल उठी गाड़ी

बिहार के समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन का विवाद हिंसक हो गया. आरोप है कि एक युवक को कार में बंधक बनाकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई. युवक ने कार का शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई, जबकि कार आग की लपटों में घिर गई. पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

Advertisement
X
दो लोगों से की जा रही पूछताछ.(Photo: Jahangir Alam/ITG)
दो लोगों से की जा रही पूछताछ.(Photo: Jahangir Alam/ITG)

बिहार के समस्तीपुर में पैसों के लेनदेन का विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को कथित तौर पर कार में बंधक बनाकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई. आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई, पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और फिर कार में आग लगा दी गई. हालांकि, युवक किसी तरह कार का शीशा तोड़कर बाहर निकल आया और उसकी जान बच गई.

घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत की है. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर: चलती मालगाड़ी के नीचे फंसा परिवार, ऊपर से गुजर गए 10 डिब्बे, Video

पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है.

3 लाख रुपये और मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद

मुक्तापुर का रहने वाला पीड़ित कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि सरायरंजन थाना क्षेत्र के जितवारपुर कुम्हिरा पंचायत निवासी संदीप कुमार ने उससे तीन लाख रुपये और एक मोबाइल फोन उधार लिया था.

Advertisement

कुंदन का कहना है कि काफी समय तक रुपये वापस नहीं मिलने पर उसने कानूनी कार्रवाई शुरू की. इसके बाद संदीप ने मोबाइल तो लौटा दिया, लेकिन तीन लाख रुपये वापस नहीं किए.

आरोप है कि इसी बीच संदीप कुमार चौधरी ने बातचीत के बहाने कुंदन को अपने गांव बुलाया. कुंदन स्कूटी से वहां पहुंचा, जहां से उसे बहाने से एक लीची बागान में ले जाया गया.

कार में बंद कर आग लगाने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, लीची बागान में उसे बंधक बना लिया गया. आरोप है कि उसके सिर पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और उसके साथ पिस्टल की बट से मारपीट भी की गई.

समस्तीपुर

कुंदन का दावा है कि आरोपियों ने उसे कार के अंदर बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की. उसने किसी तरह कार का शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. इसके बाद उसने आसपास के ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी.

इसी दौरान कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगी. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया.

दो लोगों से पूछताछ, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एक खोखा भी बरामद किया.

Advertisement

सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दो दोस्तों के बीच पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

उन्होंने बताया कि कुंदन कुमार और संदीप कुमार चौधरी दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement