बिहार में समस्तीपुर (Samastipur) एक मंदिर में हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद एक लड़के की जबरन शादी (forced marriage) करवा दी गई. दरअसल, विद्यापतिधाम मंदिर में लड़का एक लड़की से मिलने पहुंचा था, तभी लड़की के परिजनों ने वहां आकर जबरन शादी करा दी. लड़की का कहना है कि वह दो साल से लड़के के साथ रिलेशन में थी. रेलवे में नौकरी लगने के बाद लड़के ने 10 लाख रुपये की मांग की थी, शादी से भी मुंह मोड़ लिया था. वहीं लड़के ने कहा कि ये झूठ है. सिर्फ फोन पर कभी-कभार बात हो जाती थी.
यहां दरवा (अकौना) गांव की रहने वाली लड़की रोशनी कुमारी के मुताबिक, करीब दो साल पहले ताजपुर प्रखंड के चकसिकंदर गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार साहनी से प्रेम संबंध हो गया था. प्रमोद ने शादी की बात कही थी.

लड़की का कहना है कि वह और प्रमोद लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे. इस दौरान प्रमोद की रेलवे में नौकरी लग गई और नौकरी लगते ही प्रमोद ने दहेज में दस लाख रुपये और सामान की मांग कर दी. इसी के साथ शादी से मुंह मोड़ने लगा.
यह भी पढ़ें: बिहार: न मुहूर्त, न बैंड-बाजा, न ही घरवाले... आधी रात को हुई जबरन शादी का वायरल हो रहा वीडियो
वहीं प्रमोद का कहना है कि उसको विद्यापतिधाम मंदिर में झूठ बोलकर बुलाया गया. इस मंदिर में करीब पांच घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. इस दौरान रोशनी के परिजन आ गए और रोशनी के साथ प्रमोद की जबरन शादी करवा दी.

इस मामले में लड़का और लड़की का क्या कहना है?
रोशनी का कहना है कि प्रमोद के साथ वह दो साल से रिलेशन में थी. रेलवे में नौकरी लगने के बाद प्रमोद ने दहेज की मांग शुरू कर दी थी, साथ ही शादी से इनकार कर दिया था. वहीं प्रमोद का कहना है कि ये झूठ है. रिश्तेदारी में होने की वजह से कभी कभार रोशनी से फोन पर बात हो जाती थी. रिलेशन में नहीं था. यहां मंदिर में झूठ बोलकर बुलाया गया.