scorecardresearch
 

पटना कोचिंग विवाद: खान सर की कोचिंग से जुड़े तीन लोगों को पुलिस नोटिस, बुलाए गए थाने में

पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद और फायरिंग प्रकरण में नया मोड़ आ गया है. एक ओर पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) से जुड़े तीन लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है, वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिल गई है. मामले की जांच अब भी जारी है.

Advertisement
X
खान सर की कोचिंग से जुड़े तीन लोगों को पुलिस नोटिस (Photo: itg)
खान सर की कोचिंग से जुड़े तीन लोगों को पुलिस नोटिस (Photo: itg)

बिहार के पटना में चर्चित कोचिंग संस्थान विवाद मामले में सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया. बिहार पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) से जुड़े तीन लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है. वहीं, ज्ञान बिंदु संस्थान के निदेशक रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिल गई है. इस मामले को लेकर शिक्षा जगत और छात्रों के बीच काफी चर्चा बनी हुई है.

जानकारी के अनुसार, कदमकुआं थाना पुलिस ने KGS से जुड़े कन्हैया कुमार सिंह, अजीत कुमार और अंकित कुमार पांडे को पूछताछ के लिए बुलाया है. इन तीनों के नाम नोटिस में शामिल किए गए हैं. रविवार को पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर नोटिस चस्पा कर उन्हें निर्धारित समय पर थाने में उपस्थित होने का निर्देश दिया था.

खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में हुई थी मारपीट

दरअसल, पूरे विवाद की शुरुआत 2 जून की रात हुई थी, जब खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में हमला और मारपीट की घटना सामने आई थी. KGS के संचालक फैजल खान ने आरोप लगाया था कि ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद ने हमला करवाया और फायरिंग भी कराई. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. बाद में रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था.

Advertisement

हालांकि जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में केवल मारपीट की घटना दिखाई दी थी. फायरिंग की पुष्टि उस फुटेज से नहीं हो सकी. इसी बीच घटना के दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक अन्य सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर फैजल खान के सुरक्षा गार्ड हथियार से फायरिंग करते दिखाई दिए.

पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद दो गार्डों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने दावा किया कि उन्होंने फैजल खान के कहने पर गोली चलाई थी. इसके बाद पुलिस ने फैजल खान के खिलाफ भी मामला दर्ज किया और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी.

रौशन आनंद को मिली जमानत

इस बीच 9 जून को पटना सिविल कोर्ट ने फैजल खान को अग्रिम जमानत दे दी, जिससे उनकी गिरफ्तारी पर रोक लग गई. दूसरी ओर, रौशन आनंद न्यायिक हिरासत में बेउर जेल में बंद थे. कई दौर की सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था. सोमवार को अदालत ने रौशन आनंद को भी जमानत प्रदान कर दी.

अब पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े लोगों से पूछताछ कर मामले की सभी परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है. जिसके बाद वह आज सहरसा पहुंचकर अपने छोटे भाई प्रिंस यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे. परिवार और समर्थकों के लिए यह राहत भरी खबर है, क्योंकि प्रिंस की संदिग्ध मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement