लालू-राबड़ी परिवार जल्द ही अपने आवास 10 सर्कुलर रोड को छोड़कर नए सरकारी बंगले में शिफ्ट होने की तैयारी कर रहा है. परिवार का नया ठिकाना पटना का 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगला होगा, जहां इन दिनों मरम्मत और साज-सज्जा का काम तेजी से चल रहा है. बंगले के रंग में बदलाव भी चर्चा का विषय बना हुआ है. पहले यह आवास सफेद और भगवा रंगों में रंगा हुआ था, जब यहां भाजपा के कई नेता और मंत्री रह चुके थे. अब बंगले को सफेद और हरे रंग में रंगा जा रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
सूत्रों के अनुसार, परिवार के सामान को 10 सर्कुलर रोड से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. कई घरेलू सामान फिलहाल तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में रखे गए हैं और बंगले का काम पूरा होने के बाद उन्हें नए पते पर भेजा जाएगा.
रंग-रोगन, पॉलिश का काम चल रहा है
39 हार्डिंग रोड स्थित बंगले में रंग-रोगन, पॉलिश, मरम्मत और इंटीरियर से जुड़े कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं. बंगले को परिवार की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा रहा है. विशेष रूप से आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग रहने की व्यवस्था भी की जा रही है.
दो मंजिला है बंगला, आठ कमरे हैं
यह बंगला दो मंजिला है, जिसमें कुल आठ कमरे हैं. चार कमरे भूतल पर और चार पहली मंजिल पर बने हुए हैं. इससे पहले इस आवास में भाजपा नेता और पूर्व मंत्री चंद्रमोहन राय, विनोद नारायण झा और रामसूरत राय जैसे नेता रह चुके हैं.
बंगले परिसर में मौजूद एक मजार भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. इसकी वजह यह है कि लालू-राबड़ी परिवार अपने आवास पर समय-समय पर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ आयोजित करता रहा है.
करीब तीन दशक तक 10 सर्कुलर रोड लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा. अब 39 हार्डिंग रोड पर शिफ्ट होने के साथ परिवार राजधानी पटना में एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करने जा रहा है.