बिहार में सम्राट चौधरी के अगुवाई वाले मंत्रिमंडल का विस्तार होने जा रहा है. जेडीयू प्रमुख और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. कैबिनेट विस्तार के लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ समारोह रखा गया है. ऐसे में सभी की निगाहें निशांत कुमार पर लगी हुई है, जिन्हें मंत्री बनाए जाने के लिए रजामंद किया जा रहा है.
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक एंट्री करने के बाद सदभावना यात्रा के जरिए सियासी माहौल की थाह ले रहे हैं. ऐसे में जेडीयू का शीर्ष नेतृत्व और नीतीश कुमार का परिवार निशांत कुमार को मनाने के लिए जुटा है, उन्होंने पहले मंत्री क पद लेने से इनकार कर दिया था.
निशांत कुमार अगर मंत्री बनने के लिए राजी हो जाते हैं तो फिर गुरुवार को सम्राट की सेना में शामिल हो जाएंगे. 7 मई 2026 को पटना के गांधी मैदान में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह हो रहा है, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नीतीश कुमार सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे. ऐसे में सभी की निगाहें निशांत कुमार के ऊपर टिकी हुई हैं?
नीतीश के बेटे निशांत कल बनेंगे मंत्री?
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने वाले निर्णय के बाद निशांत कुमार ने राजनीति में कदम रखा है. निशांत कुमार को पहले डिप्टीसीएम बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन वो तैयार नहीं हुए. इसके बाद जेडीयू से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार को डिप्टीसीएम बनाया गया. अब सम्राट कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है तो निशांत कुमार के नाम की चर्चा तेज हो गई हैं.
जेडीयू का एक धड़ा निशांत कुमार को मंत्री बनाए जाने की पैरवी कर रहा है, लेकिन निशांत तैयार नहीं हो रहे हैं. मंगलवार देर रात तक JDU नेताओं की मीटिंग चलती रही और पार्टी के शीर्ष नेता निशांत को कैबिनेट में शामिल कराने के लिए प्रयासरत है. निशांत कुमार को मंत्री बनने के लिए मनाया जाता रहा है.
निशांत को समझाने में जुटे जेडीयू के दिग्गज
नीतीश कुमार के परिवार के लोग निशांत कुमार को समझाने में जुटे हैं कि सम्राट के अगुवाई वाले मंत्रिमंडल में शामिल हो जाएं. सियासी गलियारों में चर्चा है कि कैबिनेट विस्तार में जदयू कोटे से कुछ नए चेहरों को शामिल किया जाएगा. हालांकि, जदयू के कई नेता चाहते हैं कि निशांत कुमार भविष्य में बड़ी भूमिका निभाएं, जिसके लिए मंत्री बनें.
बिहार में सद्भाव यात्रा के बाद निशांत जेडीयू में पूरी तौर पर सक्रिय हो चुके हैं. निशांत कुमार अगर अपनी सहमति देते हैं तो गुरुवार को कैबिनेट विस्तार में शपथ लेते हुए वो नजर आ सकते हैं.इसके लिए नीतीश कुमार का परिवार और जेडीयू के बड़े नेता निशांत कुमार को रजामंद करने में जुटे हैं.
जेडीयू कोटे से कौन-कौन बनेगा मंत्री?
जेडीयू से संभावित चेहरों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार, मदन सहनी, मोहम्मद जमा खान के नाम चल रहे हैं. ये नेता पहले भी नीतीश कुमार के अगुवाई वाली कैबिनेट का हिस्सा थे और अब उन्हें सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है.
जेडीयू कोटे से नए चेहरों में शीला मंडल और भगवान सिंह कुशवाहा, बुलो मंडल और विनय चौधरी के नाम की चर्चा है, जिन्हें कैबिनेट में जगह देकर 'सम्राट सेना' में शामिल किया जा सकता है. इसके अलावा टीम निशांत से किसी युवा चेहरे को सम्राट कैबिनेट में मौका जेडीयू दे सकती है.