मुंगेर जिले के जमालपुर अंचल कार्यालय से जमीन से जुड़े सरकारी दस्तावेज जलाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो शुक्रवार का है, जिसमें लाल कपड़े में बंधे कई रजिस्टर और सरकारी कागजात आग की लपटों में जलते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि डिप्टी सीएम के आगमन से पहले अंचल कार्यालय के कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार छिपाने के लिए दस्तावेज जलाए. लोगों का कहना है कि यह घटना सरकारी रिकॉर्ड को नष्ट करने की गंभीर कोशिश हो सकती है, जिससे जमीन से जुड़े मामलों में गड़बड़ी को छुपाया जा सके.
यह भी पढ़ें: 4 पिस्टल, 8 मैगजीन और... बेगूसराय में हथियारों की खेप के साथ मुंगेर के दो तस्कर गिरफ्तार
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रखंड परिसर स्थित आरटीपीएस काउंटर के सामने खुले स्थान पर फाइलों और दस्तावेजों का ढेर जलाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि लाल कपड़े में बंधे खतियान रजिस्टर और अन्य भूमि संबंधी दस्तावेज भी इस आग में जलते दिख रहे हैं.
जमीन से जुड़े मामलों में पहले से आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन किसी भी कर्मचारी ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया. इससे लोगों का शक और गहरा हो गया है.
जमालपुर अंचल कार्यालय पर पहले से ही भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते रहे हैं. लोगों का कहना है कि दाखिल-खारिज, एलपीसी और परिमार्जन जैसे जमीन से जुड़े कामों के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं. आम नागरिकों को परेशान किए जाने की बात भी कई बार उठ चुकी है.
देखें वीडियो...
वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.
डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश
इस मामले पर बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि उन्हें भी वीडियो की जानकारी मिली है. उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम में हैं कि सरकार बदलेगी, लेकिन सरकार पहले भी एनडीए की थी और आगे भी रहेगी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनता के हित में सुशासन और समृद्धि के लिए काम करती रहेगी. सरकार की ओर से जांच के आदेश के बाद अब पूरे मामले की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.