बिहार के गोपालगंज में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है. घटना उचकागांव थाना क्षेत्र के श्यामपुर बाजार के समीप की है.
मृतकों की पहचान खाश पेंदुला गांव निवासी मोहम्मद सदीक साई के पुत्र नासिर आलम और जलालदी टोला गांव के व्यास पाण्डेय के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है.
यह भी पढ़ें: गोपालगंज के गौरा में प्रेम संबंध से खफा पिता बना हैवान, टेबल फैन से कर दी बेटी की हत्या
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बालू लदा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने जा रही दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.
बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आए युवक
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल युवकों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को नाजुक देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया.
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है.
चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार, तलाश जारी
हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है.
डायल 112 के पुलिस अधिकारी आशिक अजमल खान ने बताया कि दो बाइकों और ट्रैक्टर की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.