गया जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा मोहल्ले में गश्ती के दौरान वार्ड पार्षद और उनके साथ मौजूद दबंगों ने पुलिस टीम पर हमला की. इस घटना में रामपुर थाना में तैनात एएसआई विक्रम कुमार पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, रामपुर थाना की गश्ती टीम देर रात लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान गेवाल बिगहा चौक के पास कई दुकानें खुली देखी गईं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गश्ती टीम में तैनात एएसआई ने दुकानदारों से दुकानें बंद करने का अनुरोध किया. पुलिस के अनुसार देर रात तक दुकानें खुली रहने से भीड़ जुटने और अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: 'अपना दुख किसे बताऊं, मैं अकेला पड़ गया हूं', दोस्तों ने जन्मदिन पर नहीं बुलाया तो युवक ने कर ली खुदकुशी
एएसआई विक्रम कुमार पासवान ने बताया कि पुलिस टीम रात दस बजे गश्ती के लिए निकली थी और करीब दो बजे गेवाल बिगहा चौक पहुंची. वहां कई असामाजिक तत्वों के घूमने, गांजा और सिगरेट पीने तथा पुलिस पर टिप्पणी करने की बात सामने आई. ऐसे में अधिकांश दुकानदारों ने दुकान बंद कर दी, लेकिन एक दुकानदार दुकान बंद करने को तैयार नहीं हुआ.
वार्ड पार्षद से बहस के बाद बढ़ा विवाद
एएसआई ने बताया कि जिस दुकानदार ने दुकान बंद नहीं की थी, उसके खिलाफ पहले से शिकायतें भी मिल रही थीं. पुलिस उससे बात कर ही रही थी कि नादरगंज मोहल्ला वार्ड संख्या 38 के वार्ड पार्षद कलाम कुरैशी वहां पहुंचे. फिर पुलिस ने उन्हें भी देर रात का हवाला देते हुए जाने को कहा, लेकिन इसी दौरान विवाद शुरू हो गया.
एएसआई के अनुसार वार्ड पार्षद उनसे उलझ गए और सिगरेट पीते हुए धुआं उनके चेहरे पर छोड़ने लगे. पुलिस का कहना है कि वार्ड पार्षद के मुंह से शराब की गंध आ रही थी. इसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए वाहन में बैठाने की कोशिश की गई, तभी स्थिति और बिगड़ गई.
बताया गया है कि इसी दौरान वार्ड पार्षद के साथ मौजूद लोगों ने एएसआई से धक्का-मुक्की शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट की घटना को अंजाम दिया. इस हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए.
मारपीट के बाद अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद एएसआई किसी तरह थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें तेज दर्द महसूस होने लगा. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया. एएसआई ने बताया कि उन्हें काफी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है.
इस घटना के बाद इलाके में पुलिस पर हमले को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हो गई है. फिलहाल घायल एएसआई का इलाज अस्पताल में जारी है.