बिहार में नेताओं की सुरक्षा को लेकर राज्य और केंद्र स्तर पर बड़े फैसले लिए गए हैं. राज्य सरकार ने दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव की सुरक्षा बढ़ाते हुए उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है. इस फैसले के बाद दोनों नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है. सरकार का कहना है कि यह निर्णय सुरक्षा इनपुट और समीक्षा के आधार पर लिया गया है. इसके तहत अब दोनों डिप्टी सीएम के साथ साथ कमांडो तैनात रहेंगे.
निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली थी. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया था. इस घटना के बाद से सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं.
सरकार ने डिप्टी सीएम की सुरक्षा बढ़ाने का लिया फैसला
वहीं दूसरी तरफ, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है. अब वह राज्यसभा सांसद के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहेंगे. इसी को देखते हुए केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए उन्हें देशभर में Z प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी गई है.
सुरक्षा इनपुट के बाद लिया गया फैसला
इस फैसले के बाद नीतीश कुमार की सुरक्षा पूरे देश में और सख्त कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियां अब उनकी गतिविधियों पर करीबी नजर रखेंगी और किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं. बिहार में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए यह साफ है कि सरकार सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. राज्य और केंद्र दोनों स्तर पर नेताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है.