
बिहार की राजनीति में बड़ी हलचल है. सम्राट चौधरी सरकार का जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार होने जा रहा है. 7 या 8 मई को कैबिनेट विस्तार हो सकता है. पटना के गांधी मैदान में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत NDA के अन्य बड़े नेता पहुंच सकते हैं.
सूत्रों और हालिया घटनाक्रमों के अनुसार, बिहार में कैबिनेट विस्तार की तारीख को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के अनुसार, 6 मई या 7-8 मई को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है.
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बड़े स्तर पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां की जा रही हैं. इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के अन्य दिग्गज नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है.
सम्राट चौधरी की दिल्ली में सक्रियता
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पिछले दो दिनों से दिल्ली के दौरे पर थे, जहां उन्होंने मंत्रिमंडल के स्वरूप और नए मंत्रियों के नामों पर NDA के शीर्ष नेतृत्व से गहन चर्चा की है. मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य बड़े नेताओं से मुलाकात कर संभावित मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया है.

सहयोगी दलों से भेंट
उन्होंने लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जीतन राम मांझी और नित्यानंद राय से भी मुलाकात की. पटना में उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मंत्रणा की है.
कैबिनेट का संभावित स्वरूप
2026 के इस विस्तार में सामाजिक समीकरणों और 'जेनरेशनल शिफ्ट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. बिहार कैबिनेट में अधिकतम 36 मंत्री हो सकते हैं. वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत सिर्फ 3 मंत्री कार्यरत हैं. माना जा रहा है कि BJP और JDU के बीच 16-16 मंत्रियों का फॉर्मूला तय हुआ है. इसके अलावा लोजपा (रा) को 2, और HAM (S) व RLM (उपेंद्र कुशवाहा) को 1-1 सीट मिल सकती है. पिछले मंत्रिमंडल के अनुभवी चेहरों (जैसे विजय कुमार सिन्हा) के साथ-साथ कई नए और युवा चेहरों, विशेषकर महिलाओं को इस बार जगह मिलने की संभावना है.
बता दें कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद 15 अप्रैल 2026 को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ वर्तमान में सिर्फ दो डिप्टी सीएम हैं:-
सम्राट चौधरी: मुख्यमंत्री (BJP)
विजय कुमार चौधरी: उपमुख्यमंत्री (JDU)
बिजेंद्र प्रसाद यादव: उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री (JDU)