बिहार के बाढ़ क्षेत्र में गंगा नदी में एक दुखद हादसा हो गया. उमानाथ गंगा घाट के सामने बीच नदी में खेतिहरों से भरी एक छोटी डेंगी नाव पलट गई. इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है जबकि 5 लोग लापता हैं.
अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के उमानाथ घाट के सामने एक नाव पलटने की सूचना मिली थी. ये दर्दनाक हादसा सुबह उस वक्त हुआ, जब इलाके के कुछ स्थानीय किसान रोजमर्रा की तरह परवल की सब्जी तोड़ने के लिए नाव में सवार हो कर दियारा जा रहे थे.
बताया जा रहा है कि छोटी-सी नाव में 12-13 लोग बैठे हुए थे. क्षमता से अधिक लोग होने के कारण नाव नदी के बीच में जाकर अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई. जिला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और राहत बचाव के काम मे जुट गई हैं, SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया लिया गया है.
नाव को पलटता देख उमानाथ गंगा घाट पर मौजूद अन्य नाविक और स्थानीय लोग तुरंत अपनी नावें लेकर बीच नदी की ओर दौड़े. उन्होंने पानी में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे सात लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, दो लोगों को नहीं बचाया जा सका और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं.
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए बाकी 4-5 लापता लोगों की तलाश के लिए नदी में तलाश की जा रही है.