बिहार की राजनीति में हलचल के बीच भारतीय जनता पार्टी की प्रस्तावित कोर ग्रुप बैठक अचानक टाल दी गई है. यह बैठक शुक्रवार शाम 6 बजे पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े के दिल्ली स्थित आवास पर होनी थी, जिसमें बिहार के बड़े नेताओं के शामिल होने की योजना थी.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब कोई बैठक नहीं होगी और फिलहाल बिहार से जुड़े मुद्दों पर दिल्ली में कोई चर्चा नहीं की जाएगी. इस फैसले के बाद बिहार के दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा पटना वापस लौट रहे हैं. साथ ही नीतीश कुमार भी पटना रवाना हो गए. बताया जा रहा है कि दिल्ली में मौजूद अन्य बीजेपी नेता भी अब वापस पटना लौटेंगे.
सूत्रों के अनुसार, बिहार में नए मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर अब अंतिम फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा. इसको लेकर राज्य स्तर पर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा. बिहार प्रभारी, सह प्रभारी और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे, लेकिन अब उनके साथ भी कोई औपचारिक चर्चा नहीं होगी.
राजनीतिक हलकों में इस फैसले को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि बिहार में सत्ता परिवर्तन की अटकलें तेज हैं. जेडीयू के सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने नई सरकार के स्वरूप को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जानकारी दे दी है. बताया जा रहा है कि जैसे ही नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देंगे, उसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी. इसी बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा और वही बिहार का अगला मुख्यमंत्री होगा.