भारतीय SUV बाजार में Nissan एक बार फिर बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रही है. कंपनी अपनी नई 7-सीटर SUV पर काम कर रही है, जिसे हाल ही में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है. यह एसयूवी Nissan Tekton के प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी, लेकिन कंपनी इसे सिर्फ Tekton का बड़ा वर्जन नहीं बनाएगी. निसान का कहना है कि नई 7-सीटर SUV का डिजाइन और कैरेक्टर काफी अलग होगा. इसके 2027 में भारतीय बाजार में आने की उम्मीद है और लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Mahindra XUV 7XO और Tata Safari जैसी कारों से होगा.
टेस्टिंग के दौरान दिखी Nissan की ये 7-सीटर SUV पूरी तरह से कैमॉफ्लाज से ढकी थी. हालांकि, इसके साइज को देखकर साफ है कि यह 5-सीटर Tekton से काफी लंबी होगी. पीछे के पहियों के बाद ज्यादा लंबा रियर क्वार्टर पैनल और बड़ा रियर क्वार्टर ग्लास देखने को मिला है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कंपनी ने थर्ड-रो यानी तीसरी पंक्ति के यात्रियों के लिए ज्यादा जगह बनाने के लिए SUV के पिछले हिस्से को बढ़ाया है.
Nissan India के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्सा पहले ही साफ कर चुके हैं कि यह SUV Tekton का सिर्फ लंबा वर्जन नहीं होगी. उनके मुताबिक, भले ही ये कार Tekton के साथ CMF-B प्लेटफॉर्म शेयर करेगी, लेकिन नई 7-सीटर SUV काफी अलग होगी. नई SUV के फ्रंट में Tekton की तरह उल्टे L शेप LED डेटाइम रनिंग लैंप यानी DRLs और LED हेडलैंप देखने को मिल सकते हैं.
हालांकि, कैमॉफ्लाज के कारण फ्रंट के बाकी हिस्से साफ दिखाई नहीं दिए हैं. उम्मीद है कि 7-सीटर मॉडल में अलग डिजाइन की ग्रिल और नया बंपर दिया जाएगा, जिससे इसे Tekton से अलग दिख सके. सबसे ज्यादा बदलाव SUV के पिछले हिस्से में देखने को मिल सकता है. Tekton में मिलने वाले C-शेप LED टेल-लैंप की जगह नई SUV में नीचे की ओर जाती हुई बूमरैंग शेप की LED लाइट्स दी गई हैं. इसके अलावा दोनों टेल-लैंप को जोड़ने वाली LED लाइट बार भी ज्यादा मोटी नजर आती है.
5+2 सीटिंग लेआउट मिलने की उम्मीद
जैसा हमने पहले बताया कि, ये थ्री-रो एसयूवी होगी, माना जा रहा है कि इसमें 5+2 सीटिंग लेआउट दिया जाएगा. यानी पहले दो पंक्तियों में 5 यात्रियों के लिए जगह होगी, जबकि तीसरी पंक्ति में 2 लोग बैठ सकेंगे. हालांकि, अभी कंपनी ने इसके केबिन, फीचर्स और इंटीरियर से जुड़ी पूरी जानकारी साझा नहीं की है. बड़ी SUV को देखते हुए Nissan इसमें Tekton के मुकाबले ज्यादा फीचर्स और ज्यादा प्रीमियम केबिन दे सकती है. इसके अलावा निसान का फोकस केबिन स्पेस और बूट पर भी रहेगा.
1.3 लीटर टर्बो इंजन मिलने की उम्मीद
नई 7-सीटर SUV में Nissan Tekton वाला 1.3-लीटर चार-सिलेंडर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है. खास बात यह है कि इसमें Tekton का 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन नहीं दिया जाएगा. यानी बड़ी और भारी SUV के लिए कंपनी ज्यादा पावरफुल इंजन का इस्तेमाल कर सकती है. ट्रांसमिशन की बात करें तो इसमें 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड वेट डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिल सकते हैं. SUV में फ्रंट-व्हील ड्राइव सेटअप दिए जाने की उम्मीद है.
Nissan की नई 7-सीटर SUV को भारत में 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है. हालांकि लॉन्च से पहले कीमत के बारे में कुछ भी कह पाना थोड़ा मुश्किल है. लेकिन माना जा रहा है कि, इस एसयूवी को 18-22 लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जा सकता है. लॉन्च के बाद इसका सीधा मुकाबला महिंद्रा एक्सयूवी, टाटा सफारी और हुंडई अल्कज़ार जैसी गाड़ियों से होगा.
भारत में यह Nissan की दूसरी 7-सीटर SUV होगी. इससे पहले कंपनी X-Trail को भारतीय बाजार में लेकर आई थी, लेकिन उसे CBU रूट से भारत लाया गया था. जिसके चलते इसकी कीमत काफी ज्यादा थी. अब कंपनी को अपने इस नए 7-सीटर कार से काफी उम्मीदे हैं. आने वाले समय में इस SUV से जुड़ी और भी नई जानकारियां सामने आएंगी.