बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में बड़ा हादसा, रिसॉर्ट में भड़की आग, बच्चे समेत 10 लोगों की जलकर मौत

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में समुद्र किनारे बने TUPTUP Resto and Resort में शनिवार सुबह आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए. आग के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे, जिनमें से 4-5 लोग बाहर निकलने में सफल रहे.

Advertisement
बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में रिसॉर्ट में लगी भीषण आग, 10 लोगों की मौत. (Representative Image) बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में रिसॉर्ट में लगी भीषण आग, 10 लोगों की मौत. (Representative Image)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 3:50 PM IST

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह समुद्र किनारे बने एक रिसॉर्ट में आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए. अधिकारियों के मुताबिक, आग सुबह करीब 6:30 बजे कॉक्स बाजार के इनानी स्थित TUPTUP Resto and Resort में लगी. उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार ने इसकी जानकारी दी.

Advertisement

फायर सर्विस के प्रवक्ता तल्हा बिन जसीम ने दोपहर करीब 1:30 बजे 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की. यह रिसॉर्ट मरीन ड्राइव के किनारे पटुआर्टेक बीच के पास स्थित है. घायलों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कॉक्स बाजार सदर अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर साबुक्तागिन महमूद सोहेल ने बताया कि घायलों में पांच लोगों के शरीर का करीब 5 प्रतिशत हिस्सा झुलसा है. उन्होंने कहा कि एक अन्य व्यक्ति गिरने से घायल हुआ था और प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. पांचों झुलसे मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

30 लोग मौजूद थे

तीन मंजिला यह रिसॉर्ट मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बना था और यह कोलाटोली से करीब 29 किलोमीटर दूर समुद्र तट वाले इलाके के प्रवेश मार्ग के पास स्थित है. आग लगने के समय रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे. इनमें से 4 से 5 लोग बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि बाकी लोगों के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है.

Advertisement

कॉक्स बाजार फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर सैयद मोहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग से पूरा ढांचा जलकर नष्ट हो गया. कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए मन्नान ने कहा कि अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं. शवों को परिवारों को सौंपने से पहले DNA सैंपल लिए जाएंगे. आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है. मन्नान ने कहा कि फायर सर्विस मामले की जांच कर रही है. कुछ लोगों को शक है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई होगी, लेकिन जांच पूरी होने तक आग के कारण की पुष्टि नहीं की जा सकती. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »