अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटेन के एक वन्यजीव पार्क में बाघ के हमले में 23 वर्षीय युवक की मौत से जुड़ा वीडियो साझा किया. इसके बाद उन्होंने एआई-जनरेटेड से तैयार एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह बाघ के साथ खेलते, उससे कुश्ती करते और आखिर में उसे गले लगाकर हंसते दिखाई देते हैं.
ट्रंप की इन पोस्ट के समय को लेकर चर्चा हो रही है, क्योंकि मृतक के परिवार ने घटना के वीडियो को बार-बार साझा नहीं करने की अपील की है. यह घटना शनिवार को इंग्लैंड के डोनकास्टर के पास यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में हुई थी. मृतक की पहचान विलियम चैपमैन के रूप में हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, वह बाघ के बाड़े में दाखिल हो गया था और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
ट्रंप ने मंगलवार को हमले से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए लिखा, “प्रकृति से कभी खिलवाड़ मत करो!” इसके बाद उन्होंने ट्रुथ सोशल पर 23 सेकंड का एक एआई-जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया. इसमें वह बाघ के साथ खेलते, उससे कुश्ती करते और फिर उसके दोस्त की तरह व्यवहार करते नजर आते हैं. वीडियो के अंत में ट्रंप बाघ को गले लगाते हुए हंसते दिखाई देते हैं.
यह भी पढ़ें: ट्रंप-पुतिन की डील होते ही यूक्रेन में मस्क का स्टारलिंक बाधित, जेलेंस्की बोले- धोखा महसूस हो रहा है
बैकग्राउंड में ‘द लायन स्लीप्स टुनाइट’ गाना बज रहा है. ट्रंप ने इसके अलावा जंगली जानवरों के लोगों पर हमला करने वाले दृश्यों का एक संकलन भी साझा किया. इन पोस्ट के बाद चैपमैन के परिवार ने घटना से जुड़े परेशान करने वाले वीडियो और सामग्री को प्रसारित करना बंद करने की अपील की.
परिवार बोला- वीडियो साझा करने से बढ़ रहा दुख
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चैपमैन के परिवार ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि बेहद आपत्तिजनक सामग्री के प्रकाशन और प्रसार से उन्हें ऐसे समय में गंभीर मानसिक पीड़ा हो रही है, जब वे पहले से ही बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं. परिवार ने लोगों से ऐसी सामग्री साझा करना बंद करने का अनुरोध किया.
परिवार ने चैपमैन को एक प्रतिभाशाली, गर्मजोशी से मिलने-जुलने वाला और आकर्षक व्यक्तित्व वाला युवक बताया. बयान में कहा गया कि वह कई वर्षों से गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था. परिवार ने यह भी कहा कि उसकी चिकित्सकीय पृष्ठभूमि का मौत से कोई संबंध था या नहीं, इसका निर्धारण कोरोनर को करना है.
aajtak.in