ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की डिटेक्टिव ब्रांच (DB) ने पूर्व संसद स्पीकर शिरीन शर्मिन चौधरी को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शिरीन को सोमवार देर रात ढाका स्थित उनके धानमंडी आवास से गिरफ्तार किया गया है.
डीबी के अतिरिक्त आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने समाचार एजेंसी को फोन पर बताया, "हमने शिरीन शर्मिन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है," हालांकि, उन्होंने शिरीन की गिरफ्तारी के कारणों या इस ऑपरेशन से जुड़ी कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया.
वहीं, पुलिस ने अभी तक स्पष्ट रूप से नहीं बताया है कि पूर्व स्पीकर पर क्या आरोप हैं और उन्हें किस मामले में गिरफ्तार किया गया है, जिसके उनकी गिरफ्तारी की परिस्थितियों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, शिरीन शर्मीन चौधरी जुलाई 2024 में हुए जन आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से संबंधित कानूनी कार्यवाही का सामना कर रही हैं. रंगपुर में एक स्वर्ण श्रमिक मुस्लिम उद्दीन (38) की गोली मारकर हत्या से संबंधित एक अन्य मामले में 27 अगस्त 2024 को हत्या की शिकायत दर्ज की गई थी, जिसमें चौधरी और पूर्व वाणिज्य मंत्री टीपू मुंशी सहित 17 व्यक्तियों को नामजद किया गया था. ये शिकायत मृतक की पत्नी दिलरुबा अख्तर ने रंगपुर की अदालत में दर्ज कराई थी.
इस मामले में टीपू मुंशी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. अधिकारियों ने अभी तक ये स्पष्ट नहीं किया है कि चौधरी की गिरफ्तारी सीधे तौर पर इसी मामले से जुड़ी है या किसी अन्य जांच से संबंधित है. जांच आगे बढ़ने के साथ ही और अधिक जानकारी की सामने आने की उम्मीद है.
कौन हैं शिरीन शर्मिन चौधरी
शिरीन शर्मिन चौधरी अवामी लीग की वरिष्ठ नेता हैं. उन्होंने 2 सितंबर 2024 को स्पीकर पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने देश में हसीना सरकार के पतन के 27 दिनों बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
उनका राजनीतिक करियर 2008 के आम चुनावों के बाद अवामी लीग की सरकार बनने के साथ तेजी से आगे बढ़ा. शुरू में अब्दुल हमीद स्पीकर चुने गए थे, लेकिन जब उन्हें राष्ट्रपति बना दिया गया, तब 30 अप्रैल 2013 को शिरीन शर्मिन चौधरी को स्पीकर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. उन्होंने लगातार कई कार्यकाल तक ये पद संभाला और बांग्लादेश की संसदीय इतिहास में सबसे लंबे वक्त तक स्पीकर रहने वाली महिलाओं में से एक बनीं.
aajtak.in