सऊदी अरब में संभावित हमलों को लेकर अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है. अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि ईरान समर्थित हूती विद्रोही पहले भी सऊदी अरब में हमले कर चुके हैं. इन हमलों में नागरिक एयरपोर्ट और दूसरी अहम सुविधाओं को निशाना बनाया गया था. इससे आम नागरिकों की जान गई और हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई थी.
अमेरिका ने चेतावनी दी है कि मौजूदा हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और संघर्ष अपने मौजूदा इलाके से बाहर भी फैल सकता है. ऐसे में सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
एयरपोर्ट और उड़ानों को लेकर अलर्ट
अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी एडवायजरी के मुताबिक, सऊदी अरब के एयरपोर्ट और हवाई क्षेत्र पर हमले का खतरा बना हुआ है. इसके चलते एयरस्पेस बंद हो सकता है. उड़ानें रद्द हो सकती हैं और यात्रियों को यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि अगर अमेरिकी नागरिक सऊदी अरब के एयरपोर्ट का इस्तेमाल करने का फैसला करते हैं तो उन्हें बेहद सावधानी बरतनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: आसिम मुनीर फिर ईरान पहुंचे, सऊदी पर हूती हमलों के बीच चार देशों की अहम मीटिंग
एयरलाइन और एयरपोर्ट से लें उड़ान की जानकारी
अमेरिका ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस सीधे संबंधित एयरलाइन और एयरपोर्ट से जांच लें. उड़ानों के समय और संचालन में अचानक बदलाव हो सकता है. अमेरिका की यह चेतावनी सऊदी अरब में संभावित सुरक्षा खतरे और हवाई यात्रा पर पड़ने वाले असर को लेकर जारी की गई है.
aajtak.in