यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्डोमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि खुफिया इनपुट्स रूस के एक और बड़े हमले की तैयारी करने की ओर इशारा कर रहे हैं. जेलेंस्की के इस सोशल मीडिया पोस्ट को कुछ ही घंटे हुए थे कि कीव धमाकों से दहल उठा. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर कई मिसाइलें दागीं और ड्रोन से भी हमले किए.
रूसी हमले में कीव की एक रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है. कीव इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी हमले स्थानीय समयानुसार आधी रात के बाद करीब 1 बजकर 40 मिनट पर कीव में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं. धमाकों का शोर अभी थमा नहीं था कि 2 बजकर 10 मिनट से हमलों की दूसरी लहर शुरू हो गई.
यूक्रेनी वायु सेना ने अलर्ट किया कि कीव की ओर दर्जनों मिसाइलें आ रही हैं. यूक्रेन ने इसके बाद सभी क्षेत्रों में हवाई हमलों का अलर्ट जारी कर दिया. कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने रूसी हमले में एक इमारत के क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा है कि एक आवासीय इमारत की सातवीं से नौवीं मंजिल के बीच का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है.
यह भी पढ़ें: चीन का इंजन, अमेरिकी रेगुलेटर... रूस दाग रहा ऐसी मिसाइल, जंग में यूक्रेन हो रहा पस्त
इससे पहले, यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस की ओर से बड़े हमले की तैयारी का दावा करते हुए इसे पुतिन की सामान्य रणनीति बताया था. जेलेंस्की ने कहा था कि रूस और अधिक तबाही मचाना चाहता है, और लोगों की जान लेना चाहता है. उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने और हवाई हमले से जुड़े अलर्ट का पालन करने की अपील की थी.
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने फिर की रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की पेशकश, पुतिन से फोन पर की 90 मिनट बात
उन्होंने एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलों की सप्लाई में किसी भी तरह की देरी का मतलब लोगों की जान जाना है. अमेरिका और यूरोप के साथ दुनिया के अन्य शक्तिशाली देशों को निर्णय लेने में सक्रियता दिखानी होगी. जेलेंस्की ने कहा कि पैट्रियट मिसाइलें गोदाम में नहीं, एयर डिफेंस सिस्टम के पास होनी चाहिए. उन्होंने सहयोग करने वाले देशों के प्रति आभार भी व्यक्त किया.
aajtak.in