इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत के साथ इंडोनेशिया के संबंधों का जमकर बखान किया है. इंडोनेशिया दौरे पर गए पीएम मोदी की मेजबानी करते हुए सुबियांतो कूटनीतिक मर्यादा से आगे जाकर भारत और पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं. सुबियांतो ने कहा है कि उन्होंने अपना DNA टेस्ट करवाया है और पाया है कि उनका DNA इंडियन है. यही वजह है कि जब वे भारतीय संगीत सुनते हैं तो उनका बदन थिरकने लगता है.
राष्ट्रपति सुबियांतो ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, "किसी भी राजनीतिक नेता के साथ खतरा यह होता है कि अगर उन्हें मंच और माइक मिल जाए, तो वे उससे हटना नहीं चाहते. मैं भारत की घरेलू राजनीति में दखल नहीं दे रहा हूं, लेकिन मैं व्यक्तिगत रूप से श्री नरेंद्र मोदी जी का प्रशंसक हूं.
उन्होंने कहा कि, 'मेरे करीबी साथी और सहयोगी इस बात की गवाही देंगे कि मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. मैं कोई पेशेवर राजनेता नहीं हूं. इसका सबूत यह है कि मैंने पांच आम चुनावों में हिस्सा लिया और चार बार हारा. राष्ट्रपति बनने से पहले ही मैंने नरेंद्र मोदी की नीतियों का अध्ययन किया था और चूंकि उन पर कोई कॉपीराइट नहीं है, इसलिए मैंने उनकी कई नीतियों को अपनाया. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उदारतापूर्वक मुझे उनकी नीतियों को अपनाने की अनुमति दी, इसलिए मुझ पर किसी अदालत में मुकदमा नहीं चलाया जा सकता..."
राष्ट्रपति ने कहा कि इंडोनेशियाई लोगों को भारत के अनुभव से सीखना चाहिए. हमारी सभ्यता और संस्कृति पर भारतीय सभ्यता का गहरा प्रभाव है. हमारी भाषा का लगभग 50% हिस्सा संस्कृत से आया है. हमारे बहुत से नाम संस्कृत के हैं. इसलिए, हमारे बीच यह निकटता है और हम और अधिक करीबी सहयोग का स्वागत करते हैं."
राष्ट्रपति सुबियांतो ने अपना भारतीय लिंक बताते हुए कहा कि भारत की अपनी राजकीय यात्रा से ठीक पहले मैंने जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट करवाया था. मैंने अपना DNA टेस्ट करवाया और मुझे पता चला कि मुझमें भारतीय DNA है. और इसीलिए मुझे लगता है कि जब भी मैं कोई संगीत सुनता हूं, खासकर भारतीय संगीत, तो मेरा शरीर थिरकने लगता है.
राष्ट्रपति सुबियांतो के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति जी आपने यह बात उस समय भी कही थी और आज फिर से कही है. आपने उस समय यह भी कहा था कि आपमें भारत का DNA है. मैंने देखा कि आपकी उसी बात पर सबसे ज़ोरदार तालियां बजी थीं. आज भी आपने उस बयान से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया; उस एक वाक्य ने भारत के लोगों के दिलों को छू लिया. यह DNA आपसी भरोसे से बना है. यह DNA एक साझा विरासत पर टिका है.
बता दें कि मंगलवार को भारत ने इंडोनेशिया को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और अस्त्र एयर-टू-एयर मिसाइल सप्लाई करने पर सहमति जताई है. यह रक्षा संबंधों के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है.
aajtak.in