न्यूयॉर्क सिटी में एक मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के पीछे आईएसआईएस से प्रभावित बांग्लादेशी मूल के एक व्यक्ति का नाम आने के एक दिन बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि कांग्रेस अमेरिकी लोगों की सुरक्षा के लिए आव्रजन सुधार लागू करे. सोमवार सुबह हुए इस हमले में चार लोग घायल हो गए थे.
हमले के पीछे 27 साल के संदिग्ध अकायेद उल्ला का हाथ बताया जा रहा है. इसके पास तार और एक पाइप बम था जो उसने अपने शरीर से लपेट रखा था. अमेरिका के सबसे बड़े बस टर्मिनल बंदरगाह प्राधिकरण के पास दो सबवे प्लेटफार्म के बीच बम निर्धारित समय से पहले फट गया.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह पिछले दो महीने में न्यूयॉर्क में है. न्यूयॉर्क सिटी में सामूहिक हत्या की कोशिश करने लिए किए गए इस हमले ने एक बार फिर इस जरूरत को रेखांकित कर दिया है कि कांग्रेस अमेरिकी लोगों की रक्षा करने के लिए विधायी सुधार लागू करे. ऐसा बताया जा रहा है कि संदिग्ध एक पारिवारिक वीजा पर सात साल पहले बांग्लादेश से अमेरिका आया था.
राष्ट्रपति ने कहा, ‘सबसे पहले अमेरिका को अपनी ढुलमुल आव्रजन प्रणाली को दुरुस्त करना चाहिए जिसके कारण खतरनाक इरादों वाले लोग हमारे देश में प्रवेश करते हैं. संदिग्ध हमारे देश में विस्तारित पारिवारिक श्रृंखला आव्रजन के जरिए आया जो हमारी है'. ट्रंप ने कहा कि आठ देशों के नागरिकों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने का उनका शासकीय आदेश आव्रजन प्रणाली की सुरक्षा की दिशा में एक कदम आगे की ओर है.
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने भी कहा कि यह हमला इस बात को रेखांकित करता है कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा और जन सुरक्षा को मजबूत करने वाले आव्रजन सुधारों पर राष्ट्रपति के साथ मिलकर काम करे.
अनुग्रह मिश्रा