Aajtak.in में सीनियर असिस्टेंट एडिटर के तौर पर काम कर रहे अनुग्रह मिश्रा विशुद्ध रूप से 'डिजिटल के आदमी' हैं. पाठकों को परोसे जा रहे कंटेंट को सरल, सुगम और सरस बनाने में वह अपना योगदान दे रहे हैं. खबर की भाषा से लेकर उसकी हेडिंग, फोटो और वर्तनी को मांजने में उन्हें महारत हासिल है. न्यूजरूम में संसद की कार्यवाही की कवरेज से लेकर सड़क पर हो रहे किसी प्रदर्शन की हर खबर में इनका दखल रहता है. Aajtak.in के साथ यह अनुग्रह की दूसरी पारी है और उनका आधे से ज्यादा करियर इसी संस्थान में बीता है.
साल 2013 में संसदीय चैनल राज्यसभा टीवी से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अनुग्रह को टीवी पैकेज लिखने से लेकर प्रोडक्शन और ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी तजुर्बा है. वह राज्यसभा टीवी के पॉपुलर डिबेट शो 'सरोकार' में बतौर ऑडियंस शामिल होने से लेकर उसके प्रोड्यूसर बनने तक के साक्षी हैं. टीवी के दिनों ने उन्हें वन लाइनर्स लिखना सिखाया, जो डिजिटल में कम शब्दों में ज्यादा बात कहने के काम आता है.
करीब तीन साल संसदीय चैनल में काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल की दुनिया का रुख करते हुए Aajtak.in के साथ अपनी पहली पारी शुरू की. इस पारी में एक छोटा सा ब्रेक 2021 में आया जब वह डेढ़ साल के लिए जी मीडिया के साथ जुड़े. इसके बाद साल 2022 से वह इसी न्यूजरूम का हिस्सा हैं.
यूपी के फर्रुखाबाद जिले के मूल निवासी अनुग्रह की पैदाइश एटा की है. बचपन वहीं बीता, लेकिन ज्यादा रातें नवोदय विद्यालय के हॉस्टल में गुजारीं. इसके बाद दिल्ली नापते हुए अनुग्रह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में बैचलर डिग्री हासिल की. फिर भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) में हिन्दी पत्रकारिता के गुर सीखे और रोहतक की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री पूरी की.
आजकल जमकर इंटरनेट कंज्यूम कर रहे हैं और लंबे-लंबे इंटरव्यू देखना उनके डेली रुटीन का हिस्सा है. राजश्री प्रोडक्शन की कई फिल्में तो अनुग्रह ने बचपन में ही मुंह जुबानी याद कर ली थीं. लेकिन अब ओटीटी पर थ्रिलर ड्रामा देखना पसंद करते हैं.