Naseeruddin Shah की गृह युद्ध वाली टिप्पणी को पाकिस्तान ने लिया हाथो हाथ

पाकिस्तान के जाने-माने लोग और वहां की मीडिया में नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयान को लेकर खूब बातें हो रही हैं. उनके बयान का जिक्र कर लोग बीजेपी और आरएसएस को भी निशाने पर ले रहे हैं. नसीरुद्दीन शाह ने एक इंटरव्यू में मुसलमानों के खिलाफ उकसाऊ भाषणों को देश को गृह युद्ध की तरफ ले जाने वाला करार दिया था.

Advertisement
नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयान की चर्चा पाकिस्तान में हो रही है नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयान की चर्चा पाकिस्तान में हो रही है

राधा कुमारी

  • नई दिल्ली,
  • 30 दिसंबर 2021,
  • अपडेटेड 11:38 AM IST
  • नसीरुद्दीन शाह के बयान की पाकिस्तान में चर्चा
  • अभिनेता के बहाने मोदी सरकार पर निशाना साध रहे पाकिस्तानी
  • मीडिया से लेकर पाकिस्तान के जाने-माने लोगों ने दी प्रतिक्रिया

प्रसिद्ध अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने हरिद्वार धर्म संसद पर जो बयान दिया है, उसकी चर्चा पाकिस्तान में खूब हो रही है. नसीरुद्दीन शाह के बयान पर पाकिस्तान की मीडिया सहित कई मशहूर हस्तियों ने टिप्पणी की है.

नसीरुद्दीन शाह ने 'द वायर' को दिए एक इंटरव्यू में हरिद्वार धर्म संसद में मुसलमानों के खिलाफ उकसाऊ भाषण के मामले में विस्तार से अपनी बातें कही हैं.

उन्होंने कहा था, 'अगर उन्हें पता है कि वे किस बारे में बात कर रहे हैं, तो मैं हैरान हूं. वो एक गृह युद्ध की अपील कर रहे हैं. हम 20 करोड़ लोग इतनी आसानी से खत्म होने वाले नहीं हैं. हम 20 करोड़ लोग लड़ेंगे. ये लड़ाई मजहब की रक्षा के लिए नहीं बल्कि अपने परिवार और घरों को बचाने की होगी.' 

Advertisement

उन्होंने आगे कहा था कि भारत हमारी मातृभूमि है और मैं इस बात को लेकर निश्चिंत हूं कि अगर इस तरह का कोई अभियान शुरू हुआ तो कड़ा प्रतिरोध होगा और लोगों का गुस्सा फूटेगा. 

पाकिस्तान की मीडिया ने दी नसीरुद्दीन शाह के बयान को जगह

पाकिस्तान के सरकारी ब्रॉडकास्टर रेडियो पाकिस्तान ने नसीरुद्दीन शाह के बयान पर भारत की मोदी सरकार को घेरा है. रेडियो पाकिस्तान ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में भारत सरकार को फासीवादी सरकार करार देते हुए लिखा, 'जाने-माने भारतीय अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने फासीवादी मोदी सरकार को मुसलमानों का नरसंहार रोकने को कहा है और चेतावनी दी है कि अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न देश को गृह-युद्ध की तरफ ले जाएगा.'

पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल पीटीवी न्यूज (PTV News) ने भी भारतीय अभिनेता के बयान को लेकर कई ट्वीट किए हैं. अपने एक ट्वीट में पीटीवी न्यूज ने लिखा, 'जाने-माने पत्रकार करन थापर के साथ एक इंटरव्यू में भारतीय अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि "भारत में मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाया जा रहा है" और यह हर क्षेत्र में हो रहा है.' पाकिस्तान की सरकारी मीडिया ने इसी कड़ी में कई और ट्वीट किए हैं जिसमें शाह के बयानों का जिक्र है.

Advertisement

नसीरुद्दीन शाह के बयान का जिक्र कर मोदी सरकार को घेरा

पाकिस्तान के कई लोगों ने नसीरुद्दीन शाह के बयान का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है. पाकिस्तान के पूर्व राजनयिक जफर हिलाली ने अपने एक ट्वीट में नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, 'तो अंतत: एक प्रमुख भारतीय शख्सियत नसीरुद्दीन शाह ने एक न टाले जाने वाले गृहयुद्ध की चेतावनी दी है. इसमें कोई शक नहीं है कि पाकिस्तान और दुनिया इस लड़ाई में किसके साथ होंगे.'

पूर्व राजनयिक अब्दुल बासित ने इस मुद्दे को लेकर एक वीडियो बनाया है जिसमें वो कह रहे हैं, 'जब से सत्ता में बीजेपी और आरएसएस आए हैं, अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों के खिलाफ हिंसा बढ़ गई है. हमने मुसलमानों की लिंचिंग देखी, अल्पसंख्यकों के प्रार्थना स्थलों पर हमले किए जा रहे हैं. मुसलमानों पर हमले करने वालों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न होना ये बताता है कि ये सब बीजेपी के द्वारा करवाया जा रहा है.'

अब्दुल बासित ने आगे कहा कि बीजेपी ये सब चुनावों में जीत के लिए करती है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है.

नया दौर मीडिया के कार्यकारी संपादक मुर्तजा सोलंगी ने नसीरुद्दीन शाह के इंटरव्यू का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है, 'नरसंहार के प्रयास गृहयुद्ध की ओर ले जा सकते हैं, मोदी की चुप्पी से पता चलता है कि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है-नसीरुद्दीन शाह.'

Advertisement

प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पीटीआई से जुड़े आसिफ शाह ने नसीरुद्दीन के बयान पर ट्वीट किया, 'हम लड़ेंगे': नसीरुद्दीन शाह ने मुस्लिम नरसंहार के आह्वान पर भारत में गृहयुद्ध की चेतावनी दी.'

तब्दीली टीवी में प्रोड्यूसर अली रजा ने ट्वीट किया, 'प्रसिद्ध भारतीय अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक साक्षात्कार में गृहयुद्ध की आशंका जताई है. आप 20% आबादी को सिर्फ इसलिए हाशिए पर नहीं रख सकते क्योंकि वे अलग-अलग धर्मों के हैं. भारतीय अल्पसंख्यक निश्चित रूप से बदला लेंगे. और जब ये दिन आएगा, गृहयुद्ध होगा.' 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »