इधर अल मेंचो ढेर, उधर मेक्सिको में धुआं-धुआं शहर... अब बारूद के ढेर पर बैठे 14 स्टेट्स

मेक्सिकन सुरक्षाबलों ने एक सैन्य ऑपरेशन में दुनिया के सबसे वॉन्टेड ड्रग तस्करों में से एक 'अल मेंचो' के नाम से कुख्यात नेमेसियो रुबन ओसेगुएरा सर्वेंटेस को ढेर कर दिया. उसकी मौत के बाद मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी है.

Advertisement
मेक्सिको के धुआं-धुआं शहर. (Photo: Reuters) मेक्सिको के धुआं-धुआं शहर. (Photo: Reuters)

आजतक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:48 PM IST

मेक्सिको में इस समय गृहयुद्ध छिड़ा हुआ है. एक तरफ मेक्सिको की सेना है तो दूसरी तरफ देश का सबसे खूंखार ड्रग्स कार्टेल. इस जंग की शुरुआत तब हुई जब दुनिया का सबसे खूंखार ड्रग लॉर्ड और फेंटानिल का सौदागर अल मेंचो मारा गया लेकिन उसकी मौत के बाद मेक्सिको के 14 राज्य बारूद के ढेर पर बैठे हैं.

मेक्सिको के जलिस्को से लेकर पुएर्तो वालार्ता तक गृहयुद्ध जैसे हालात हैं. भारतीय दूतावास ने भी वहां रह रहे भारतीयों के लिए इमरजेंसी एडवाइजरी जारी कर दी है. ट्रंप के एक अल्टीमेटम ने मेक्सिको को युद्ध के मैदान में बदल दिया है. अमेरिका हर साल हजारों लोगों को मौत की नींद सुलाने वाले फेंटानिल का सौदागर अल मेंचो कल सेना के ऑपरेशन में मारा गया. इस ऑपरेशन के लिए अमेरिका का दबाव भी था और उसने खुफिया जानकारी दी थी. इसके बाद खूबसूरत सैलानी शहर पुएर्तो वालार्ता जल रहा है.

Advertisement

ड्रग्स कार्टेल ने अपने सरगना की मौत का बदला लेने के लिए 'नार्को-ब्लॉकेड' से पूरे शहर को बंधक बना लिया है. इसके जवाब में मेक्सिकन मिलिट्री ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर से गैंग के गुर्गों पर गोलियां बरसा रही है. गृहयुद्ध जैसे हालात के बीच उड़ानें रद्द हैं और पर्यटकों में शहर से निकलने को लेकर जबरदस्त अफरा-तफरी देखने को मिली.

दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड 1.5 करोड़ डॉलर के इनामी अल मेंचो के खात्मे के बाद मेक्सिको के कई शहर युद्ध के मैदान में तब्दील हो गए हैं. सड़कों पर आगजनी है, आसमान में ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर गरज रहे हैं और जलिस्को कार्टेल ने पूरे देश को बंधक बना लिया है.

आसमान से 'ब्लैक हॉक' का प्रहार

मेक्सिको के खूबसूरत शहर पुएर्तो वालार्ता का आसमान नीला नहीं, काले धुएं से ढका है. ये धुआं किसी फैक्ट्री का नहीं, बल्कि उन दर्जनों गाड़ियों और इमारतों का है जिन्हें दुनिया के सबसे खूंखार ड्रग कार्टेल CJNG के गुंडों ने फूंक दिया है.

Advertisement

22 फरवरी 2026 की सुबह... मेक्सिको की स्पेशल फोर्सेस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर 'ऑपरेशन तपालपा' को अंजाम दिया. निशाना था, मेक्सिको का सबसे बड़ा ड्रग लॉर्ड जिसे दुनिया अल मेंचो के नाम से जानती थी.

अल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही मेक्सिको 'नार्को ब्लॉकेड' की चपेट में आ गया. हथियारबंद गुंडे सड़कों पर उतरे, पेट्रोल पंपों पर कब्जा किया और देखते ही देखते गैस स्टेशनों को आग के हवाले कर दिया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि नकाबपोश आतंकी आते हैं, कर्मचारियों को धमकाते हैं, पेट्रोल छिड़कते हैं और माचिस लगा देते हैं. ग्वाडलहारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दहशत का माहौल है. फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं और सैलानी अपनी जान बचाने के लिए छिप रहे हैं, जिसे कल तक टूरिस्ट पैराडाइज कहा जाता था, वो आज वॉर जोन बन चुका है.

लेकिन इस बार मेक्सिको की सेना भी पीछे हटने को तैयार नहीं है. अमेरिकी इंटेलिजेंस की मदद से शुरू हुआ ये मिशन अब आर-पार की जंग बन चुका है. आसमान में अमेरिका से खरीदे गए UH-60M Black Hawk हेलीकॉप्टर मंडरा रहे हैं. ये वही मशीनें हैं जिन्हें विशेष रूप से ड्रग कार्टेल्स के खात्मे के लिए खरीदा गया था. वीडियो रिपोर्ट्स में साफ दिख रहा है कि ये ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर मिनिगन से कार्टेल के गुंडों पर ऊपर से गोलियां बरसा रहे हैं.

Advertisement

इसी बीच, मेक्सिको सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक भारी सुरक्षा वाला काफिला निकला. कयास लगाए गए कि इसी काफिले में उस ड्रग लॉर्ड अल मेंचो का शव है, जिसने दशकों तक मेक्सिको में आतंक का साम्राज्य चलाया. गृहयुद्ध जैसे माहौल को देखते कुछ एयरलाइंस जैसे कि Air Canada ने प्यूर्टो वालार्टा की फ्लाइट्स सस्पेंड कर दी है.

भारत, अमेरिक और कनाडा समेत कई देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों पर रहने और भीड़ से बचने की सलाह दी है. इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने खुद पोस्ट किया कि इस ऑपरेशन के लिए मेक्सिको को अमेरिका ने खुफिया जानकारी दी थी. अमेरिका इस ड्रग कार्टेल की जान का दुश्मन बन गया था क्योंकि इसी के भेजे फेंटानिल ओवरडोज से अमेरिका में लगातार मौत हो रही थी. ट्रंप ने इसे नार्को टेररिस्ट्स के खिलाफ बड़ी जीत बताया है. फिलहाल, पुएर्तो वालार्ता के एमिलियानो जपाटा इलाके में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल रखा है. ड्रोन फुटेज तबाही की तस्वीरें दिखा रहे हैं. गाड़ियां राख हो चुकी हैं, सड़कों पर आगजनी के निशान हैं, और हवा में बारूद की गंध है. मेक्सिको में अब ड्रग कार्टेल और सेना के बीच सीधा गृहयुद्ध छिड़ चुका है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »