जापान में रविवार तड़के भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.7 रही. तेज भूकंप के कारण दुकानों के शीशे टूट गए, इमारतों से लोग बदहवास होकर बाहर भागने लगे. इस अफरा-तफरी में लगभग 22 लोग घायल भी हो गए.
ये भूकंप स्थानीय समयानुसार तड़के 1:04 बजे आया. इसका केंद्र शिज़ुओका प्रांत में जमीन से लगभग 40 किलोमीटर गहराई में स्थित था. पड़ोसी प्रांत आइची और शिज़ुओका इस आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं.
आधिकारिक भूकंपीय आकलन के मुताबिक, सबसे तेज और भीषण झटके आइची में महसूस किए गए. ये क्षेत्र राजधानी टोक्यो से काफी दूरी पर स्थित है, इसलिए वहां झटके महसूस नहीं किए गए. भूकंप के बाद क्षेत्र में कई छोटे-छोटे झटके भी महसूस किए गए.
दुकानों के टूटे शीशे, मची अफरा-तफरी
जापानी टीवी चैनलों पर दिखाई गई तस्वीरों में दुकानों के टूटे हुए कांच और सड़कों पर फैले शीशे के टुकड़े साफ नजर आए. एक बुकस्टोर का नजारा ऐसा था मानो वहां अलमारियों से किताबें उड़कर नीचे ढेर में तब्दील हो गई हों. अचानक आए इस झटके से लोग घबरा गए और इमारतों से बाहर भागने लगे. भागने की कोशिश में कई लोग सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए.
रेल यातायात की रफ्तार धीमी
भूकंप के इस असर से आइची प्रांत, हमामात्सु शहर, प्राचीन राजधानी क्योटो और नारा, माउंट फूजी वाले यामानाशी और गिफू प्रांत प्रभावित हुए हैं. एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी गई है, क्योंकि अक्सर ऐसे झटकों से रेल पटरियों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है.
यह भी पढ़ें: जापान के हासाकी में तेज भूकंप, रिक्टर स्केल पर 6.1 रही तीव्रता
बता दें कि इससे पहले शनिवार को भी जापान के हासाकी में तेज भूकंप आया था. जापानी स्थानीय समय के मुताबिक शाम करीब 7:39 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 6.1 रही थी.
aajtak.in