अमेरिका ने दावा किया है कि उसने दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकियों में शामिल ISIS के ग्लोबल नंबर-2 कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह ऑपरेशन अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर अंजाम दिया.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा कि उनके निर्देश पर अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज और नाइजीरियाई सेना ने बेहद जटिल और सुनियोजित मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया. उन्होंने कहा, "अबू-बिलाल अल-मिनुकी को लगता था कि वह अफ्रीका में छिपकर बच जाएगा, लेकिन हमारे पास ऐसे सूत्र थे जो उसकी हर गतिविधि की जानकारी दे रहे थे."
यह भी पढ़ें: गिफ्ट, बैज और फोन तक डस्टबिन में फेंका, ट्रंप के विमान में चीनी सामान लाने की नहीं थी इजाजत
हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि यह ऑपरेशन अफ्रीका के किस इलाके में किया गया, लेकिन माना जा रहा है कि कार्रवाई नाइजीरिया या उसके आसपास के उस क्षेत्र में हुई जहां ISIS और अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन सक्रिय हैं.
कहां का रहने वाला था अबू-बिलाल अल-मिनुकी
अबू-बिलाल अल-मिनुकी नाइजीरिया का नागरिक था और उसे 2023 में तत्कालीन बाइडेन प्रशासन ने "ग्लोबल टेररिस्ट" घोषित किया था. अमेरिकी रिकॉर्ड के मुताबिक वह पश्चिम अफ्रीका में ISIS नेटवर्क को मजबूत करने और आतंकी हमलों की साजिश रचने में शामिल था.
अमेरिका लंबे समय से पश्चिम अफ्रीका में बढ़ते आतंकवाद को लेकर चिंतित रहा है. पिछले साल दिसंबर में भी अमेरिका ने नाइजीरिया में ISIS से जुड़े ठिकानों पर हवाई हमले किए थे. इसके बाद वॉशिंगटन ने नाइजीरियाई सेना को ट्रेनिंग और इंटेलिजेंस सपोर्ट देने के लिए ड्रोन और करीब 200 सैनिक तैनात किए थे.
यह भी पढ़ें: होर्मुज खोलने के लिए जिनपिंग ने दी हरी झंडी, चीन से लौटते ही ट्रंप ने किया दावा
नाइजीरिया में अक्सर होते हैं नागरिकों पर हमले
नाइजीरिया में सक्रिय आतंकी संगठन लगातार सेना, गांवों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाते रहे हैं. अमेरिका का कहना है कि उसकी सेना वहां सीधे लड़ाई में शामिल नहीं थी, बल्कि ट्रेनिंग और खुफिया सहायता दे रही थी.
ट्रंप ने इस ऑपरेशन के लिए नाइजीरिया सरकार का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ यह साझेदारी बेहद अहम है. हालांकि ट्रंप पहले नाइजीरिया पर यह आरोप भी लगा चुके हैं कि वहां ईसाइयों को आतंकियों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही.
आजतक इंटरनेशनल डेस्क