दुबई से इजरायल जा रहे फ्लाइट के कैप्टन की पहचान हो गई है. इस विमान को उड़ा रहे कैप्टन का नाम स्मित मछार है. स्मित भारत के नागरिक हैं और गुजरात के रहने वाले हैं. स्मित को उनके सह पायलट ने चाकू मारकर कर प्लेन को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की है. लेकिन स्मित ने उसके इरादे को नाकाम कर दिया. स्मित चाकू के वार जख्मी हो गए, उनके शरीर से खून निकल रहा था, लेकिन उन्होंने विमान का कंट्रोल अपने को पायलट को नहीं दिया. अगर ऐसा होता तो दूसरी 9/11 जैसी घटना हो सकती थी. स्मित अपनी जांबाजी से हीरो बन गए हैं.
इजरायल सरकार के अनुसार दूसरा पायलट विमान को क्रैश करवाना चाहता था. तभी बाहर बैठे यात्रियों ने दोनों पायलटों के बीच की लड़ाई को देख ली और कॉकपिट को तोड़कर अंदर पहुंचे और दूसरे पायलट को काबू में किया.
भारत के हीरो स्मित ने बचाई जान
कैप्टन स्मित वही पायलट हैं जिन पर आज 'फ्लाईदुबई' (FlyDubai) की घटना के दौरान चाकू से हमला किया गया. घटना के बाद FZ1073 दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट को का रास्ता बदलकर उसे सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतारा गया.
स्मित ने जून 2022 में 'फ्लाई दुबई' में 'डायरेक्ट एंट्री कैप्टन' के तौर पर काम शुरू किया था. उन्होंने जून 2011 से 2022 तक लगभग 11 साल 'स्पाइसजेट' के साथ काम किया है.
स्मित 'बोइंग 737' फ्लीट के एक्सपर्ट हैं और सुरक्षा व नियमों के पालन पर खास ध्यान देते हैं. उन्होंने दूसरे पायलटों का मार्गदर्शन भी किया है. उन्होंने वेलिंगकर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री भी हासिल की है.
चाकूबाजी की घटना में घायल होने के बाद स्मित मछार को तबुक के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां उनका इलाज चल रहा है.
इजरायल के पीएम ने बताई पूरी कहानी
इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मुताबिक को-पायलट ने कैप्टन को चाकू मारने के बाद प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की. इसके बाद प्लेन में मौजूद यात्रियों और दूसरे पायलटों ने दखल दिया और प्लेन को कंट्रोल में लाने में मदद की. इसके बाद प्लेन सऊदी अरब में सुरक्षित उतरा.
नेतन्याहू ने इस घटना को "बहुत गंभीर सुरक्षा घटना" बताया और कहा कि सऊदी अधिकारी को-पायलट से पूछताछ करेंगे, जिसे प्लेन के उतरने के बाद गिरफ़्तार कर लिया गया था है. एक इजरायली अधिकारी ने हमलावर की पहचान ओमान के नागरिक के तौर पर की.
गोता लगाने लगा विमान
नेतान्याहू ने अपने ऑफ़िस से जारी एक वीडियो बयान में कहा, "सभी यात्री सुरक्षित हैं." उन्होंने यह भी बताया कि विमान में सवार ज़्यादातर लोग इजरायली थे.
नेतान्याहू ने कहा कि जब विमान "अनियंत्रित होकर नीचे की ओर गोता लगाने लगा", तो यात्रियों और क्रू के एक सदस्य ने ज़बरदस्ती कॉकपिट में प्रवेश किया. उन्होंने देखा कि को-पायलट विमान के सिस्टम में छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहा था. उन्होंने कहा, "उन्होंने कई जानें बचाईं। उन्होंने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया."
हादसे का पूरा घटनाक्रम
आसमान में 34 हजार फीट की ऊंचाई. 180 मुसाफिरों को ले जा रहा बोइंग 737 विमान. विमान की लैंडिंग इजरायल की राजधानी तेल अवीव में होने वाली थी. 180 यात्रियों में ज्यादातर इजरायली ही थे. विमान नॉर्मल स्पीड से उड़ रहा था. ये घटना बुधवार सुबह की है. फ्लाईदुबई के बोइंग 737 मैक्स 8 विमान ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इज़रायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी.
शुरुआत में सब कुछ सामान्य था. लेकिन जैसे ही विमान सऊदी अरब और जॉर्डन के हवाई सीमा के करीब पहुंचा. ATC के रडार पर Squawk 7700 यानी जनरल इमरजेंसी का मैसेज फ्लैश हुआ.
और इसके ठीक बाद स्क्रीन पर चमका Squawk 7500. ये इंटरनेशनल एविएशन का वो खौफनाक कोड है, जिसका सीधा मतलब होता है विमान की उड़ान प्रणाली में अवैध हस्तक्षेप. यानी विमान का अपहरण या हाईजैकिंग की आशंका.
इसी दौरान 34 हजार फ़ीट की ऊंचाई पर उड़ रहा ये विमान हवा में गोते लगाने लगा. फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक 30 हजार 875 फीट की ऊंचाई से ये विमान सिर्फ 29 सेकंड में 14 हजार फीट से ज़्यादा नीचे आ गया. एक मिनट में ये विमान 16 हजार फीट नीचे आ गया.
Flightradar24 के अनुसार फ्लाइट अचानक 33,000 फीट से 17,000 फीट की ऊंचाई पर आ गई. इसके बाद उसने जॉर्डन की सीमा के पास अजीब तरह से चक्कर लगाया और आखिरकार करीब एक घंटे बाद तबुक में लैंड किया.
तब तक विमान के कॉकपीट में कोहराम मच चुका था.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे और मीडिया एजेंसियों द्वारा देखे गए वीडियो फुटेज में प्लेन के फ़र्श पर दो लोग खून से लथपथ ज़ख्मी हालत में दिख रहे हैं. दो लोग उन्हें इमरजेंसी मेडिकल मदद देते हुए दिख रहे हैं, जबकि दो अन्य कॉकपिट की रखवाली कर रहे हैं. हिब्रू भाषा में एक व्यक्ति कहता है, "हम पायलट की सुरक्षा कर रहे हैं." एक अन्य वीडियो में प्लेन के हिलने-डुलने पर यात्री रोते और घबराहट में चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
सऊदी अरब के सरकारी टीवी चैनल 'अल-एखबारिया' की रिपोर्ट के अनुसार, तबुक के प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअज़ीज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक बयान में कहा गया है कि विमान के कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि स्थानीय अधिकारी यात्रियों को मेडिकल मदद दे रहे थे.
वहीं इस विमान के को पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है, इस पायलट पर अपने कैप्टन पर चाकू से हमला करने का आरोप है. सऊदी अधिकारी इस पायलट से पूछताछ कर रहे हैं.
ताजा जानकारी यह है कि तबुक में फंसे सभी लगभग 180 यात्रियों को लेकर एक विमान इजरायल पहुंच गया है.
अमित भारद्वाज