ईरान और अमेरिका के ताजा हमलों ने माहौल को एक बार फिर गरमा दिया है. पीस प्लान को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं. अमेरिका, ईरान पर सीजफायर तोड़ने के आरोप लगा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर जमकर भड़ास निकाल रहे हैं. उन्होंने सीजफायर तोड़ने तक का ऐलान कर दिया है और ईरानी नेताओं के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है, जिस पर ईरानी संसद के स्पीकर गलिबाफ ने कड़ी नाराजगी जताई है.
ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलिबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि धौंस, दबाव और वसूली का दौर अब खत्म हो चुका है. इससे कुछ हासिल नहीं होगा और हम झुकने वाले नहीं हैं. अमेरिका के ताजा हमले सीजफायर समझौते का उल्लंघन है.
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने होर्मुज में ईरान की व्यवस्थाओं का उल्लंघन किया है. ट्रंप आगे भी लगातार सैन्य हमले की धमकियां दे रहे हैं. वे मिलिट्री स्ट्राइक की धमकी दे रहे हैं. उन्होंने ईरान के तेल पर प्रतिबंधों को फिर से लागू कर दिया है और लेबनान पर इजरायल की कार्रवाई लगातार आक्रामक होती जा रही है. ईरान ने दो टूक कह दिया है कि वो अमेरिका के हर हमले का माकूल जवाब देंगे और इसके लिए वो पूरी तरह तैयार हैं.
ईरान पर जमकर भड़ास निकाल रहे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि मैं ईरान के साथ किसी भी तरह की नई डील नहीं करना चाहता हूं. उन्होने कहा था कि ईरान के साथ समझौते का दौर अब खत्म हो चुका है.
ट्रंप ने मीडिया से बातचीत के दौरान ईरानी सरकार को लेकर कहा था कि वे बीमार लोग हैं. मैं उनसे कोई डील नहीं करना चाहता. मुझे लगता है कि ईरान के साथ समझौते का दौर अब खत्म हो चुका है.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान, नाटो, ग्रीनलैंड और स्पेन को लेकर तीखी टिप्पणियां की हैं. उन्होंने कहा कि ईरान के साथ किसी नए समझौते की उनकी कोई ख्वाहिश नहीं है. मेरा मानना है कि यह मुद्दा अब खत्म हो चुका है.
aajtak.in