स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर बढ़ा टकराव! अब आर-पार के मूड में डोनाल्ड ट्रंप, युद्धपोत भेजने का कर दिया ऐलान

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा के लिए कई देशों से अपने युद्धपोत भेजने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में इस समुद्री मार्ग को खुला रखेगा और जरूरत पड़ने पर ईरान के तटीय इलाकों पर सैन्य कार्रवाई भी कर सकता है. उधर खार्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके ऊर्जा ठिकानों पर हमला हुआ तो वह अमेरिकी तेल ढांचों को नष्ट कर देगा.

Advertisement
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo: Reuters) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 14 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:02 AM IST

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया की प्रमुख शक्तियों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अपने नौसैनिक जहाज तैनात करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को खुला रखेगा. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि ईरान की ओर से इस जलमार्ग को बाधित करने की कोशिशों से प्रभावित कई देश अमेरिका के साथ मिलकर यहां युद्धपोत भेजेंगे, ताकि जहाजों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे.

Advertisement

तनाव बढ़ने से जहाजों की आवाजाही घटी
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास तनाव तेजी से बढ़ रहा है. न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इस वजह से जहाजों की आवाजाही कम हो गई है और कई तेल टैंकर इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से दूरी बना रहे हैं. इससे ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने और खाड़ी क्षेत्र में सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.

चीन, फ्रांस, जापान और ब्रिटेन से भी सहयोग की उम्मीद
ट्रंप ने कहा कि ईरान की ओर से इस मार्ग को बंद करने की कोशिशों से प्रभावित कई देश अमेरिका के साथ मिलकर यहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और यूनाइटेड किंगडम समेत अन्य देश भी इस क्षेत्र में अपने जहाज भेजेंगे, ताकि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज किसी भी देश के लिए खतरा न बने.

Advertisement

ईरान के तटीय इलाकों पर हमले की चेतावनी
ट्रंप ने सहयोगी देशों से नौसैनिक तैनाती की अपील के साथ यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका सीधे सैन्य कार्रवाई करेगा. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका पहले ही ईरान की सैन्य क्षमता का बड़ा हिस्सा नष्ट कर चुका है, लेकिन इसके बावजूद ईरान ड्रोन, समुद्री बारूदी सुरंग या कम दूरी की मिसाइलों के जरिए इस जलमार्ग को बाधित करने की कोशिश कर सकता है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका तटवर्ती इलाकों पर भारी बमबारी कर सकता है और ईरानी नौकाओं व जहाजों को निशाना बना सकता है.

खार्ग द्वीप पर अमेरिकी हमले से बढ़ा तनाव
खाड़ी क्षेत्र में स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती जा रही है. शुक्रवार को अमेरिकी हमलों में खर्ग द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया. यह संकेत भी दिया गया कि अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की कोशिश जारी रखता है तो इस द्वीप के महत्वपूर्ण तेल ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है.

ईरान की कड़ी चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने चेतावनी दी कि यदि खार्ग द्वीप पर ऊर्जा साइट्स पर हमला हुआ तो वह अमेरिका से जुड़े तेल ढांचों को पूरी तरह तबाह कर देगा. यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान पर अमेरिका-इजरायल युद्ध तीसरे सप्ताह में पहुंच चुका है और इस टकराव का असर अब वैश्विक तेल बाजार पर भी दिखने लगा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement