इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग पर एक बार फिर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है. चीन ने एक बार फिर तीनों देशों को युद्ध रोकने के लिए कहा है.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, 'ईरान के सुप्रीम लीडर पर हमला और उनकी हत्या करना, ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का घोर उल्लंघन है. ये संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों, सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी स्टैंडर्ड का उल्लंघन है.'
हमले को लेकर मंत्रालय ने आगे कहा, 'चीन इसका कड़ा विरोध करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है. हम सैन्य अभियानों को तुरंत रोकने, तनाव की स्थिति को और बढ़ने से रोकने और मिडिल-ईस्ट और दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर कोशिश करने की अपील करते हैं.'
चीन से मिसाइलें खरीद रहा ईरान?
चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उन्हें अमेरिकी सैन्य अभियानों की जानकारी पहले से नहीं दी गई थी. ईरान के चीन से मिसाइलें खरीदने की खबरों को विदेश मंत्रालय ने सिरे से खारिज कर दिया और इन्हें झूठा बताया.
पहले भी चीन ने दी थी प्रतिक्रिया
संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजदूत फू कोंग ने तीनों देशों को हमला रोकने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था, 'अंतर्राष्ट्रीय विवादों को सुलझाने का सही तरीका सैन्य बल नहीं है, बल्कि इससे सिर्फ नफरत और संघर्ष ही बढ़ते हैं.'
यह भी पढ़ें: 'युद्ध समाधान नहीं... तुरंत रोका जाए', ईरान पर हमलों के बीच चीन की सख्त चेतावनीफू कोंग के मुताबिक मिडिल-ईस्ट में स्थिति का बिगड़ना और उसका गहरा प्रभाव पड़ना किसी भी पक्ष के हित में नहीं है. उनका मानना है कि बातचीत ही संघर्षों और विवादों को सुलझाने का एकमात्र तरीका है. फू कोंग ने कहा था कि चीन इस सैन्य कार्रवाई को तुरंत रोकने और स्थिति को और ज्यादा बिगड़ने से रोकने की अपील करता है.
aajtak.in