'भारत हमारा सबसे करीबी और भरोसेमंद दोस्त'... UN में भूटान PM ने की तारीफ

यूएनजीए में भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे ने भारत को भरोसेमंद दोस्त और साझेदार बताया, साथ ही जीलेफू माइंडफुलनेस सिटी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत सरकार और असम के समर्थन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह परियोजना लोकेशन, बाजारों तक पहुंच, कनेक्टिविटी और भरोसे जैसी मजबूत बुनियाद के साथ आगे बढ़ रही है.

Advertisement
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे. (Photo- X/Screengrab) भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे. (Photo- X/Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 23 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:46 AM IST

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के मंच से भारत के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने भारत को भूटान का भरोसेमंद दोस्त और साझेदार बताया. टोबगे ने कहा कि भूटान की महत्वाकांक्षी गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी यानी GMC परियोजना सीधे भारत की सीमा से लगी हुई है और इस विजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत सरकार और असम सरकार का समर्थन हासिल है.

Advertisement

टोबगे ने कहा कि GMC की लोकेशन इसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक है. यह शहर भूटान के सबसे करीबी दोस्त और पड़ोसी भारत की सीमा पर स्थित है. उन्होंने कहा कि सीमा के दूसरी तरफ दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश और दुनिया की सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक मौजूद है. उनके मुताबिक, भारत के साथ यह कनेक्टिविटी GMC को दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के बाजारों तक पहुंच का एक अहम रास्ता बनाती है.

यह भी पढ़ें: धमकी और भविष्यवाणी एक साथ... ट्रंप के इशारे से अचानक सस्ता होने लगा तेल, दाम- $100 के नीचे

GMC के लिए भारत की दोस्ती को बताया बड़ी ताकत

भूटान PM ने कहा कि GMC को शुरुआत से ही वह चीज मिल रही है, जिसे कई नए शहर हासिल करने में दशकों लगा देते हैं. इसमें बड़े और तेजी से बढ़ते बाजारों तक पहुंच, कनेक्टिविटी और भारत जैसा भरोसेमंद दोस्त शामिल है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि GMC की सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ भारत सरकार और सीमा से लगे असम के पड़ोसियों का भी समर्थन मिला है. टोबगे ने इस समर्थन को परियोजना के लिए अहम बताया.

बोले- भरोसा खरीदा नहीं जा सकता

शेरिंग टोबगे ने कहा कि भूटान के पास एक और ऐसी ताकत है जिसे खरीदा नहीं जा सकता और वह है भरोसा. उन्होंने कहा कि यह भरोसा शांति, राजनीतिक स्थिरता, कानून के राज और अपनी प्रतिबद्धताओं को निभाने के रिकॉर्ड से बना है.

यह भी पढ़ें: ईरान का खात्मा, सुपर इंटेलिजेंस, ग्रीनलैंड, 8 युद्ध... UN की स्पीच में क्या-क्या बोले ट्रंप?

भूटान PM के मुताबिक, लंबे समय के निवेशकों के लिए भरोसा बेहद अहम है, क्योंकि इससे भविष्य को लेकर एक तरह की स्थिरता और भरोसा पैदा होता है. उन्होंने कहा कि GMC दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के बाजारों के लिए एक गेटवे के तौर पर काम कर सकता है.

टोबगे के बयान में भारत और भूटान के रिश्तों के साथ-साथ GMC प्रोजेक्ट के लिए भारत की भूमिका पर भी खास जोर रहा. उन्होंने भारत के साथ सीमा से जुड़ी अपनी भौगोलिक स्थिति, बाजारों तक पहुंच और दोनों देशों के बीच भरोसे को GMC की बड़ी ताकत के तौर पर पेश किया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »