तेहरान में सलाखों के पीछे दिखाए गए ट्रंप, मास्क पहने आर्टिस्ट का VIDEO वायरल

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर नए हमलों की तैयारी की खबरों के बीच तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाने वाला एक अनोखा इंस्टॉलेशन लगाया गया है. इसमें ट्रंप का मास्क पहने एक कलाकार को जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया.

Advertisement
तेहरान में आर्टिस्ट ने ट्रंप का मजाक बनाया. (Photo- X/Screengrab) तेहरान में आर्टिस्ट ने ट्रंप का मजाक बनाया. (Photo- X/Screengrab)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:05 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. अमेरिकी और इजरायली सेनाओं की तरफ से ईरान के खिलाफ नए हमलों की तैयारी की खबरों के बीच तेहरान से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाया गया है. राजधानी तेहरान के व्यस्त ताजरीश स्क्वायर में एक आर्ट इंस्टॉलेशन लगाया गया, जिसमें ट्रंप को जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया है.

Advertisement

बुधवार, 21 अक्टूबर को लगाए गए इस इंस्टॉलेशन में ट्रंप जैसा दिखने वाला मास्क पहने एक आर्टिस्ट नजर आया. उसने काला सूट और लाल टाई पहन रखी थी और जेल जैसी बनाई गई संरचना के भीतर घूम रहा था. सड़क से गुजर रहे लोग इस नजारे को देख रहे थे. इस इंस्टॉलेशन पर लिखा था, 'इस नजारे को न देखना एक अपराध है.' वहां मौजूद अतूसा नाम की एक महिला ने इसे काफी सुकून देने वाला बताया.

मिडटर्म चुनाव के बाद हमले की तैयारी?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर नए हमलों की योजनाएं बना रहे हैं. संभावित निशानों में ईरान के परमाणु ठिकाने, मिसाइलों का जखीरा और ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे शामिल हो सकते हैं. हालांकि, नए हमलों को अभी मंजूरी मिलने की खबर नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने इसी महीने हमले की लगभग तैयार योजना को टाल दिया था.

Advertisement

इस बीच, इजरायली वायुसेना के दर्जनों लड़ाकू विमानों ने सोमवार को ईरान की सीमा के करीब उड़ान भरी. अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, यह अभियान इजरायल से 800 मील से ज्यादा दूर हुआ. विमान सीरिया और इराक के हवाई क्षेत्र से होते हुए ईरान की सीमा के पास पहुंचे और फिर वापस लौट गए. कुछ अधिकारियों ने इसे ईरान को रोकने के लिए शक्ति प्रदर्शन बताया, जबकि कुछ अमेरिकी अधिकारियों को आशंका थी कि इससे तनाव बढ़ सकता है.

ईरान ने बातचीत पर भी रखी शर्त

ईरानी मीडिया के मुताबिक, तेहरान ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख से कहा है कि उसकी मांगें पूरी होने तक अमेरिका के साथ बातचीत नहीं होगी. वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आरोप लगाया है कि ईरान फिर से परमाणु हथियार बनाने की दिशा में बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस खतरे को खत्म करने के लिए ईरान में सत्ता परिवर्तन जरूरी है. हालांकि, ईरान पर नए हमले होंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »