मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव और सैन्य गतिविधियों के बीच दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं, इससे पहले इसे अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था.
दरअसल, एयरपोर्ट को बंद करने का निर्णय आज सुबह ईरान की ओर से दागी गई एक ड्रोन को आसमान में मार गिराने (Intercept) के बाद लिया गया था, जिसका मलबा सीधे एयरपोर्ट परिसर में आकर गिरा. अब एयरपोर्ट ने एक और ट्वीट किया है और सेवाएं शुरू करने की जानकारी दी है.
एयरपोर्ट ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'आज (7 मार्च ) हमने आंशिक रूप से संचालन फिर से शुरू कर दिया है और कुछ उड़ानें DXB और DWC से संचालित हो रही हैं. कृपया एयरपोर्ट की ओर तब तक न जाएं जब तक आपकी एयरलाइन आपसे संपर्क करके यह पुष्टि न कर दे कि आपकी फ्लाइट कन्फर्म है, क्योंकि उड़ानों का शेड्यूल लगातार बदल रहा है.'
यह भी पढ़ें: पड़ोसी मुल्कों पर हमला नहीं करेंगे, सरेंडर का सपना पालने वाले होंगे नाकाम: ईरानी राष्ट्रपति
इससे पहले आज सुबह ईरान से दागी गई एक ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट किया था जिसके बाद उसका कुछ मलबा दुबई एयरपोर्ट के आसपास गिरा था. घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन एयरपोर्ट के संचालन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक स्थिति को स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संभाला जा रहा है और सभी प्रक्रियाएं सुरक्षा मानकों के अनुरूप चल रही हैं. इस बीच एमिरेट्स एयरलाइन (Emirates) ने कहा है कि हालात सामान्य होने के बाद उड़ानों से संबंधित नई जानकारी साझा की जाएगी.
वर्तमान हालात को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले आधिकारिक अपडेट जरूर चेक करें. क्षेत्र में जारी सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर दुबई एयरपोर्ट पर संचालन कब तक बहाल होगा, इस पर अभी कोई स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है.
आशुतोष मिश्रा