TMC को अब लगा आर्थिक झटका... बैंक में रखे 440 करोड़ फ्रीज! बागी विधायकों की शिकायत पर हुआ एक्शन

तृणमूल कांग्रेस के 440 करोड़ रुपये वाले तीन बैंक खातों पर डेबिट फ्रीज लग गया है. बागी विधायकों ने इन बैंक खातों में जमा रकम के स्रोत पर सवाल उठाते हुए पुलिस जांच की मांग की है. आरोप है कि खातों में अवैध वसूली, कटमनी और कथित घोटालों का पैसा जमा हो सकता है.

Advertisement
बागी विधायकों की शिकायत के बाद टीएमसी के तीन बैंक अकाउंट में रखे 440 करोड़ रुपसे फ्रीज. (File Photo: PTI) बागी विधायकों की शिकायत के बाद टीएमसी के तीन बैंक अकाउंट में रखे 440 करोड़ रुपसे फ्रीज. (File Photo: PTI)

aajtak.in

  • कोलकाता,
  • 20 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:23 PM IST

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर जारी सियासी घमासान अब पार्टी की आर्थिक व्यवस्था तक पहुंच गया है. पार्टी के जिन तीन बैंक खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा थे, उन पर डेबिट फ्रीज लगा दिया गया है. यह कार्रवाई बागी विधायकों की शिकायतों के बाद की गई, जिन्होंने इन खातों में जमा रकम के स्रोत की जांच की मांग की थी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक खातों से अब कोई निकासी या बाहरी लेन-देन नहीं हो सकेगा, हालांकि रकम जमा कराई जा सकेगी. इस घटनाक्रम ने पार्टी के भीतर चल रहे सत्ता संघर्ष को और तेज कर दिया है.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक, हालिया विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में संगठन और वित्तीय नियंत्रण को लेकर पूर्व मंत्री अरूप विश्वास और विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के खेमों के बीच टकराव बढ़ गया है. ऋतब्रत बनर्जी गुट के 10 विधायकों ने बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने और खातों की विस्तृत जांच की मांग की थी. शिकायत में कहा गया कि इन खातों में जमा धन का स्रोत संदिग्ध है और इसकी जांच होनी चाहिए. विधायकों ने आरोप लगाया कि खातों में जमा रकम कथित तौर पर अवैध गतिविधियों, कटमनी वसूली, सरकारी धन के दुरुपयोग और घोटालों से आई हो सकती है.

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस, लेफ्ट और TMC ने बंगाल को दशकों तक अवैध घुसपैठियों का अड्डा बनने दिया', PM मोदी का वार

Advertisement

बागी विधायकों ने पार्टी फंड के स्रोत पर उठाए सवाल

शिकायत में कहा गया कि विश्वसनीय परिस्थितियों और घटनाक्रमों से संकेत मिलता है कि प्रभाव का गलत इस्तेमाल, बेईमान वित्तीय लेन-देन और अवैध वसूली से जुड़े पैसे इन खातों में जमा किए गए हो सकते हैं. इसलिए पूरे मामले की आपराधिक जांच कराई जानी चाहिए. इस बीच ममता बनर्जी खेमे के एक वरिष्ठ विधायक ने कहा कि उन्हें खातों के फ्रीज होने की जानकारी मिली है, लेकिन आधिकारिक सूचना का इंतजार किया जा रहा है. वहीं, कुछ दिन पहले अरूप विश्वास ने संबंधित बैंक को पत्र लिखकर पार्टी के खातों को सुरक्षित रखने और सभी लेन-देन रोकने की मांग की थी. 

उन्होंने कहा था कि संगठनात्मक विवाद सुलझने तक 500 करोड़ रुपये से अधिक की जमा राशि वाले खातों का संचालन नहीं होना चाहिए. बता दें कि जिस साइबर क्राइम थाने में बागी विधायकों ने शिकायत दर्ज कराई है, वहीं अरूप विश्वास के खिलाफ भी अर्जेंटीना के फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी की कोलकाता यात्रा से जुड़े विवाद में एफआईआर दर्ज है. इस बीच ममता बनर्जी के करीबी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि अरूप विश्वास अब पार्टी के कोषाध्यक्ष नहीं हैं और वित्तीय मामलों पर बोलने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने बताया कि 5 जून को हुई कार्यकारिणी बैठक में सुभाशीष चक्रवर्ती को सर्वसम्मति से नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »