'ममता बनर्जी को चुनाव में हराया न होता तो...', चंद्रनाथ मर्डर केस में शुभेंदु अधिकारी का बड़ा आरोप

शुभेंदु अधिकारी ने अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को राजनीतिक साजिश बताया. उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ की हत्या इसलिए हुई क्योंकि वह उनके पीए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चंद्रनाथ को चार गोलियां लगने की पुष्टि हुई है. अधिकारी ने कहा कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या थी.

Advertisement
चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी (Photo- ITG) चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 07 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:25 PM IST

पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. गुरुवार को बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में चंद्रनाथ के पोस्टमार्टम के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा और इस हत्या को राजनीतिक प्रतिशोध का चरम बताया.

शुभेंदु ने आरोप लगाया कि चूंकि उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम में ममता बनर्जी को शिकस्त दी है, इसीलिए उनके करीबियों को निशाना बनाया जा रहा है. मीडिया से बातचीत करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'अगर चंद्रनाथ मेरे पीए नहीं होते या मैंने ममता बनर्जी को राजनीतिक रूप से नहीं हराया होता, तो शायद उनकी हत्या नहीं होती. यही उनकी हत्या की वजह हो सकती है.'

Advertisement

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां मारी गई थीं. अधिकारी ने इसे पूरी तरह से सुनियोजित हत्या बताया और कहा कि रथ की किसी से निजी या राजनीतिक दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार की मांग है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए.

बता दें कि चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक, एक कार और बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, उसे रुकवाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए. यह हमला उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ.

हमले के दौरान गाड़ी चला रहे चंद्रनाथ के ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से घायल हो गए. अस्पताल के अनुसार उनकी कई सर्जरी हुई हैं और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. जांच को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य के डीजीपी ने उन्हें जानकारी दी है कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद की गई है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंच सकती है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि सीआईडी, फॉरेंसिक टीम और एसआईटी मिलकर जांच कर रही हैं और पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है. हालांकि, उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भी पुलिस ऐसे मामलों को सुलझाने में सक्षम थी, लेकिन उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement