टीएसमी प्रमुख ममता बनर्जी से मिलने पश्चिम बंगाल पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने विधानसभा चुनाव परिणाम में टीएसमी की हार पर भी रिएक्ट किया. अखिलेश के मुताबिक, ममता बनर्जी हारीं नहीं हैं उन्हें हराया गया है. उन्होंने वोट काउंटिंग पर भी सवाल उठाए.
बकौल अखिलेश यादव- कृपया काउंटिंग स्थल का CCTV फुटेज दिखाएं. फुटेज क्यों नहीं दिखाए गए! अगर आप इसे लोगों को नहीं दिखाना चाहते, तो प्रेस मीडिया को दिखाएं और हमें बुलाएं. अगर सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही लाइव दिखाई जा सकती है, तो चुनाव की गिनती क्यों नहीं?
सपा अध्यक्ष ने कहा कि 'INDIA' गठबंधन लोगों के लिए और लोकतंत्र को बचाने के लिए काम करेगा. इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी को चुनाव हराने वाले बीजेपी विधायक शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में भी प्रतिक्रिया दी.
चंद्रनाथ रथ की मौत पर अखिलेश ने कहा- 'इसके लिए भारत के गृह मंत्री जिम्मेदार हैं. यह हत्या कैसे हुई? शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या किसने की? गृह मंत्री से पूछिए. इलेक्शन रिजल्ट के बाद लॉ एंड ऑर्डर क्यों बिगड़ा?
आखिर में अखिलेश ने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों से अपील करता हूं कि हम सब मिलकर BJP के खिलाफ खड़े होंगे, जो लोकतंत्र को खत्म कर रही है. सभी विपक्षी दलों को साथ आना ही होगा. लोकतंत्र खतरे में है.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- "मैं अभी-अभी दीदी (ममता बनर्जी) से मिला हूं. अभिषेक बनर्जी भी मेरे साथ थे... आज हम सभी को मिलकर चुनावी धांधली के खिलाफ खड़ा होना है. जब चुनाव ईमानदारी से हुए थे, तो वे जीती थीं, लेकिन इस बार, चुनाव में हुई कई स्तरों वाली 'माफियागिरी' की वजह से, कोई सोच भी नहीं सकता था कि BJP, चुनाव आयोग, उनके सहयोगी, जासूस और भूमिगत लोग मिलकर इस तरह की चुनावी धांधली कर सकते हैं."
अखिलेश आगे कहते हैं, "BJP ने उत्तर प्रदेश में जो किया- वह चुनाव एक धोखा था. वह उनके लिए एक तरह का ट्रायल था, और उन्होंने उससे सीखा और पूरे चुनाव को लूट लिया."
अनिर्बन सिन्हा रॉय