उत्तर प्रदेश की राजनीति में कल्याण सिंह परिवार का अपना एक नाम है. अब इसी परिवार में शादी की तैयारियां चल रही हैं. पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह जल्द ही मेघना चौधरी के साथ नए रिश्ते की शुरुआत करने जा रहे हैं. आखिर कौन हैं मेघना, उनका परिवार कहां रहता है और संदीप सिंह से उनकी मुलाकात कैसे हुई थी? जानिये पूरी कहानी.
इस कहानी में अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली तीनों शहरों का कनेक्शन है. मेघना का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ के एक गांव से जुड़ा है, फिलहाल गाजियाबाद में रहता है और संदीप सिंह से उनकी पहली मुलाकात दिल्ली के एक स्कूल में हुई थी. दोनों की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में होगी. इसी दिन संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई भी अंतरा त्यागी से होगी. यानी एक ही दिन परिवार में दोहरी खुशियां मनाई जाएंगी.
मेघना चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव की रहने वाली हैं. हालांकि, उनका परिवार लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहा है. परिवार का गांव से भी रिश्ता बना हुआ है. मेघना के दादा राधेश्याम चौधरी अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ तारापुर गांव में रहते हैं.
राधेश्याम चौधरी भारतीय नौसेना से रिटायर हुए हैं. वहीं, मेघना के पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी के कारोबार से जुड़े हैं. परिवार के दूसरे सदस्य भी गाजियाबाद में रहते हैं. मेघना के एक छोटे भाई करन चौधरी हैं. इस तरह मेघना के परिवार की जड़ें अलीगढ़ में हैं, जबकि परिवार का मौजूदा ठिकाना गाजियाबाद है.
मेघना की सगाई की खबर से गांव में भी खुशी का माहौल है. परिवार के सदस्य और गांव के कुछ लोग 14 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शादी के बंधन में बंधे उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान, दिल्ली में रखा गया ग्रैंड रिसेप्शन
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की कहानी की शुरुआत किसी राजनीतिक कार्यक्रम या पारिवारिक मुलाकात से नहीं, बल्कि स्कूल से हुई थी. दोनों दिल्ली पब्लिक स्कूल यानी डीपीएस में पढ़ते थे. इसी दौरान उनकी पहली मुलाकात हुई. संदीप सिंह, मेघना से सीनियर थे. साल 2012 में संदीप सिंह ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद स्कूल छोड़ दिया. दूसरी तरफ मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी. बाद में वह कानून की पढ़ाई करने के लिए विदेश चली गईं. दोनों की पढ़ाई और आगे की जिंदगी के रास्ते अलग-अलग रहे, लेकिन स्कूल के दिनों की पहचान बनी रही. धीरे-धीरे यह जान-पहचान शादी के रिश्ते तक पहुंच गई.
2024 में परिवारों के बीच शुरू हुई शादी की बात
साल 2024 में दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हुई थी. संदीप सिंह के परिवार के लोग मेघना के परिवार से मिलने गाजियाबाद भी पहुंचे थे. हालांकि, शुरुआती दौर में कुछ पारिवारिक मतभेदों की वजह से बात आगे नहीं बढ़ पाई. बाद में दोनों परिवारों के बीच सहमति बनी और रिश्ता तय हो गया. अब 14 नवंबर को होने वाली सगाई के साथ स्कूल के दिनों से शुरू हुई पहचान एक नए रिश्ते में बदलने जा रही है.
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ में होगी. इसी कार्यक्रम में संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की सगाई भी होगी. सौरभ का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है. दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन और एक ही मंच पर होगी. परिवार की ओर से मेहमानों को इनविटेशन भेजे जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी परिवार की तरफ से निमंत्रण दिया गया है.
27 नवंबर को दिल्ली में शादी की तैयारी
सगाई के बाद संदीप सिंह और मेघना चौधरी की शादी 27 नवंबर को दिल्ली में होनी है. संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ की शादी भी इसी दिन होगी. संदीप सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पौत्र हैं. वह अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से विधायक हैं और योगी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनके पिता राजवीर सिंह भी राजनीति में सक्रिय रहे हैं और एटा से सांसद रह चुके हैं. दिल्ली के स्कूल में शुरू हुई दोस्ती अब सगाई तक पहुंच गई है. 14 नवंबर को अलीगढ़ में दोनों की सगाई होगी और 27 नवंबर को दिल्ली में दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे.
अकरम खान