यूपी में आज (सोमवार) मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने की संभावना है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार यूपी के अधिकांश जिलों में फिलहाल मौसम साफ रहने के आसार हैं, हालांकि कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रहेंगे वहीं कई जिलों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है.
IMD के जिला-स्तरीय पूर्वानुमान के मुताबिक आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाला रहेगा. फिलहाल किसी बड़े मौसम अलर्ट (बारिश, आंधी या तूफान) की चेतावनी नहीं है, जिससे साफ है कि आज का दिन मौसम के हिसाब से सामान्य रहेगा. सुबह के समय कई जिलों में आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) अधिक रहने से हल्की ठंड का अहसास बना हुआ है, जबकि दिन चढ़ने के साथ हल्की हवा चलने लगती है. तापमान तेजी से बढ़ता है. कुछ जगहों पर हल्की हवाएं भी चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार गाजियाबााद, नोएडा, प्रयागराज, गोरखपुर, बहराइच और बरेली जैसे जिलों में सुबह के समय हल्की ठंडक बनी रहेगी, जहां तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं फुरसतगंज जैसे इलाकों में तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा, करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया है. पूर्वी और तराई क्षेत्रों में भी अभी सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है, जबकि मध्य और पश्चिमी यूपी में दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है.
आने वाले दिनों का ट्रेंड
मौसम विभाग का संकेत है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के साथ-साथ यूपी में भी अगले कुछ दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. इसका मतलब है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में गर्मी का असर और तेज हो सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले 3 से 5 दिनों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इससे दिन के समय गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा. अप्रैल की शुरुआत के साथ ही प्रदेश में गर्मी पूरी तरह से दस्तक दे सकती है. ऐसे में लोगों को अभी से सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.
सेहत पर असर, रखें ये सावधानियां
मौसम के इस बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है. सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और एलर्जी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. डॉक्टरों की सलाह है कि:
- सुबह और रात के समय हल्के गर्म कपड़े पहनें
- दिन में तेज धूप से बचें
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
- बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें
- किसानों के लिए राहत भरा समय
फिलहाल का मौसम किसानों के लिए राहत भरा माना जा रहा है. गेहूं और अन्य रबी फसलों के लिए यह तापमान अनुकूल है. तेज गर्मी या बारिश की स्थिति नहीं होने से फसल को नुकसान की आशंका कम है. हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अगर तापमान अचानक बहुत तेजी से बढ़ता है, तो फसल पर असर पड़ सकता है, इसलिए किसानों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए.
aajtak.in