उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को गुरुवार की देर रात जौनपुर के पीडब्ल्यूडी डाक बंगले और उससे पहले बलिया में बिजली कटौती का सामना करना पड़ा. बलिया से एक कार्यक्रम निपटाकर वह देर रात जौनपुर आए थे, जहां रात भर बिजली गायब रहने के कारण जनरेटर चलाना पड़ा.
शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय मंत्री और विधायक डाक बंगले पर उनका स्वागत करने पहुंचे, तब संजय निषाद ने विद्युत व्यवस्था की बदहाली पर तंज कसते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की. प्रदेश में निर्बाध बिजली के सरकारी दावों के बीच खुद सरकार के मंत्री का बिजली संकट से जूझना चर्चा का विषय बन गया है.
जब स्वागत के दौरान मंत्री ने कसा तंज
जौनपुर के डाक बंगले पर शुक्रवार सुबह खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, शाहगंज विधायक रमेश सिंह और बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का स्वागत करने पहुंचे. इसी दौरान तंज कसते हुए संजय निषाद ने कहा, "रात भर लाइट नहीं थी, जनरेटर से चला है... क्या कर रहे हो आप लोग." मंत्री के इस बयान ने राज्य की बिजली व्यवस्था की हकीकत बयां कर दी है.
बलिया में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ संबोधन
जौनपुर से पहले बलिया में भी मंत्री संजय निषाद के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई थी. बिजली जाने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच कटौती को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई. इसके बाद मजबूरन मोबाइल फोन की टॉर्च जलानी पड़ी और डॉ. संजय निषाद ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
आदित्य प्रकाश भारद्वाज