उत्तर प्रदेश के उन्नाव में ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद सड़क धंसने का मामला सामने आने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्नाव के कोरारी क्षेत्र के पास कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन में करीब 5 से 7 मीटर तक सड़क का हिस्सा धंस गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है.
समाजवादी पार्टी के नेता मधुसूदन यादव ने सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना की गुणवत्ता पर शुरुआत से ही संदेह था और उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क धंसना इसकी पुष्टि करता है. उन्होंने निर्माण एजेंसियों की कार्यप्रणाली और गुणवत्ता नियंत्रण की निष्पक्ष जांच की मांग भी की.
बारिश के चलते खिसकी मिट्टी और धंस गई सड़क
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसक गई. जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया. घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार सड़क पर तत्काल पैच वर्क कर उसे दुरुस्त कर दिया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो.
लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि उद्घाटन के कुछ ही दिनों के भीतर इस तरह की घटना ने परियोजना की गुणवत्ता और निर्माण मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने कम समय में सड़क का धंसना चिंता का विषय है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग इस मामले की तकनीकी जांच कराता है या नहीं और सड़क धंसने की वास्तविक वजह क्या सामने आती है.
आशीष श्रीवास्तव