भतीजे ने नहीं दिया शादी का कार्ड, तो चाचा ने वेल्डिंग मशीन से जाम करवा दिया घर का दरवाजा; दुल्हन का 'गृह प्रवेश' मुश्किल

यूपी के जालौन जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां शादी का निमंत्रण न मिलने से नाराज एक चाचा ने अपने ही भतीजे के घर के दरवाजे को वेल्डिंग मशीन से सील कर दिया. गृह प्रवेश के लिए आई नई नवेली दुल्हन और दूल्हे को अंदर जाने के लिए पुलिस बुलानी पड़ गई.

Advertisement
वेल्डिंग मशीन से गेट जाम, ताला भी लगाया (Photo- ITG) वेल्डिंग मशीन से गेट जाम, ताला भी लगाया (Photo- ITG)

अलीम सिद्दीकी

  • जालौन ,
  • 01 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:01 AM IST

जालौन कोतवाली क्षेत्र के नगर इलाके में एक सगे चाचा ने भतीजे की शादी का कार्ड न मिलने पर अनोखा बदला लिया. बारात निकलने के बाद चाचा ने घर के मुख्य गेट पर ताला लटकाया और वेल्डिंग मशीन बुलवाकर उसे चारों कोनों से पक्का सील कर दिया. यह घटना तब हुई जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर घर लौटा और मेन गेट बंद पाया. पारिवारिक अनबन के चलते भतीजे ने चाचा को न्योता नहीं दिया था, जिससे नाराज होकर चाचा ने इस वारदात को अंजाम दिया. दूल्हा-दुल्हन को घर में प्रवेश दिलाने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद लेनी पड़ी.

Advertisement

फूफा-जीजा नहीं, यहां चाचा हुए नाराज

शादियों में अक्सर फूफा या जीजा के रूठने की खबरें आती हैं, लेकिन जालौन में चाचा का 'वेल्डिंग अवतार' चर्चा का विषय बना हुआ है. भतीजे ने पुरानी रंजिश या अनबन की वजह से चाचा को शादी में नहीं बुलाया था. यही अनदेखी चाचा को इतनी चुभी कि उन्होंने बदले की एक ऐसी पटकथा लिख डाली जिसने बारातियों और घर वालों के होश उड़ा दिए.

दुल्हन के अरमानों पर फिरा पानी

जब दूल्हा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ 'गृह प्रवेश' के अरमान लिए घर वापस लौटा, तो वहां का नजारा देख बारातियों के पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के मुख्य दरवाजे पर न सिर्फ भारी-भरकम ताला लटका था, बल्कि उसे वेल्डिंग के जरिए पूरी तरह जाम कर दिया गया था. सोशल मीडिया पर इस अनोखे बदले की कहानी अब जमकर वायरल हो रही है.

Advertisement

पुलिस की मदद से खुला रास्ता

दरवाजा सील होने के कारण दूल्हा-दुल्हन काफी देर तक बाहर खड़े रहे. मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ही दरवाजे को खोलने की प्रक्रिया शुरू हो सकी. स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं कि शादी का न्योता न देना इतना भारी पड़ेगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »