उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. जहां नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास इलाके में शुक्रवार दोपहर एक घर में लगा बिजली वाला स्मार्ट मीटर फटने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए. जिन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दरअसल आवास विकास कालोनी स्थित पानी की टंकी के पास स्थित एक घर में लगा स्मार्ट मीटर अचानक फट गया और इसके बाद शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. इस हादसे के समय सुमित अग्रहरी घर के बाहर थे. पड़ोसियों से सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो परिवार के तीन सदस्य झुलसे हुए थे और घर में भी काफी नुकसान हो गया था. इस हादसे में सुमित की पत्नी प्रीति अग्रहरी, तीन वर्षीय बेटी राजवी अग्रहरी और छोटे भाई की पत्नी कंचन अग्रहरी गंभीर रूप से झुलस गए. कंचन के सिर में गंभीर चोट भी आई है.
घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें एक निजी अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल तीनों का इलाज जारी है. पीड़ित सुमित ने इस हादसे को लेकर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे. हालांकि, अभी हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है.
घटना पर अधिशाषी अभियंता ने क्या कहा?
इस मामले पर विद्युत वितरण खंड के अधिशाषी अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा ने बताया की शुक्रवार की दोपहर डेढ़ से दो बजे के बीच घटना की सूचना मिली. तत्काल हमने अपने जेई और संविदाकर्मी को वहां भेजा. जहां जानकारी मिली कि एक 132 KVA की लाइन है. जो भी लोग झुलसे हैं. उनके घर का निर्माण उस लाइन के बगल में हुआ है. किसी व्यक्ति द्वारा घर के बगल में एक सहजन का पेड़ लगाया गया है. जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा काटने का प्रयास किया गया.
इसी दौरान पेड़ 132 KV की लाइन से टच हो गया. जिससे लाइन अप हुई. चूंकि घर उस लाइन के समीप था इसलिए उस घर में भी करंट दौड़ दौड़ गई. जिसके कारण विद्युत मीटर भी ध्वस्त हो गया. यह घटना मीटर के फटने से नहीं हुई है. बल्कि 132KV लाइन में छेड़छाड़ के कारण हुई है. फिलहाल मामले की जांच करवाई जा रही है.
नितिन श्रीवास्तव